November 5, 2026

करौली हिंसा: बहादुरी से 3 लोगों की जान बचाने वाले नेत्रेश को मिला इनाम, कॉन्स्टेबल से बनाए गए हेड कॉन्स्टेबल

New Delhi/Alive News: राजस्थान के करौली में हुई हिंसा की तस्वीरें लगभग पूरी दुनिया ने देखी, लेकिन इन हिंसक तस्वीरों के बीच एक ऐसी तस्वीर भी सोशल मीडिया के जरिये सामने आई, जिसमें मानवता थी, खाकी का दायित्व था और जलती इंसानियत के बीच कर्तव्य का चमकता दीपक था। यह दीपक धीरे-धीरे पूरी दुनिया में चमक बिखेर गया। हम बात कर रहे हैं उस कॉन्स्टेबल की जिसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई और वह चर्चा का विषय बन गया।

नेत्रश करौली शहर चौकी पर कॉन्स्टेबल के पद पर तैनात हैं। करौली में हिंसा फैली तो पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस अपने काम में लग गई। इस बीच फूटा कोट क्षेत्र में नेत्रेश की नजर एख दुकान पर पड़ी, जिसके अंदर 2 महिलाएं और एक मासूम बच्चा फंसा था। नेत्रेश अपनी जान की परवाह किए बिना दुकान के अंदर कूदे और तीनों को बाहर निकाला।

नेत्रेश जिस तेजी से उस मासूम को अपनी गोदी में गले से लगाए दौड़ते हुए उसे बचा रहे थे, उसने हर शख्स का ध्यान खींचा। कर्तव्य के प्रति उनके समर्पण को देखकर सबने सैल्यूट किया। सोशल मीडिया पर उनकी यह तस्वीर खूब वायरल हुई। नेत्रेश की तस्वीर जब वायरल हुई तो राजस्थान सरकार भी हरकत में आई। राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने नेत्रेश की जमकर तारीफ की साथ ही उन्हें एक बड़ा सरप्राइज भी दिया। नेत्रेश को प्रमोशन देते हुए हेड कॉन्स्टेबल बनाने की भी घोषणा सोशल मीडिया से कर दी।