March 8, 2026

NIT-1 में मारपीट और फायरिंग करने वाला आरोपी कमल गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी सिलसिले में अपराध शाखा सेक्टर-48 की टीम ने 3/4 नवंबर की रात NIT-1 में मारपीट और फायरिंग करने वाले आरोपी कमल (22), निवासी बहीन, पलवल, को गिरफ्तार किया है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, शिकायतकर्ता पियूष, निवासी NIT, फरीदाबाद ने थाना कोतवाली में दी शिकायत में बताया कि 3/4 नवंबर को उसके दोस्त इक्षित और जतिन के बीच झगड़ा हो गया था। इसके बाद जतिन अपने साथी गौतम और अन्य लोगों के साथ इक्षित और हिमांशु को फावड़ा चौक, NIT-1 पर रोककर मारपीट करने लगा और इक्षित पर फायर कर दिया। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने इस मामले में उचित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया था।

अपराध शाखा सेक्टर-48 की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी कमल को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि कमल का पहले भी आपराधिक इतिहास है। वह दिसंबर 2024 में अवैध हथियार रखने के मामले में जेल जा चुका है, जहां उसकी मुलाकात आरोपी जतिन से हुई थी। घटना वाली रात झगड़े के दौरान जतिन ने अपना अवैध हथियार कमल को दिया, जिसके बाद कमल ने इक्षित और हिमांशु पर फायरिंग की।

पुलिस पहले ही आरोपी जतिन को गिरफ्तार कर चुकी है, जिसके कब्जे से एक पिस्टल और जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए थे। आरोपी कमल को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।