September 19, 2024

जूनियर डॉक्टरों ने किया प्रदर्शन, ओपीडी की सेवाएं ठप

National/Alive News : पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में महिला प्रशिक्षु डॉक्टर की दुष्कर्म और हत्या के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर और छात्र सड़क पर उतरकर लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी क्रम में, फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन (एफआईएमए) ने आज ओपीडी की सेवाओं को पूरे देश में बंद करने का एलान किया है। इससे मरीजों को खासा परेशानी हो रही है। अस्पतालों में लंबी-लंबी कतारे देखीं जा रही हैं। मरीज और उनके परिवारजन आस लगाए हुए हैं कि डॉक्टर उन्हें देखेंगे।

दो घंटे से खड़े…
एक मरीज शेख शहजाद ने कहा, ‘हमें अब तक कुछ नहीं बताया गया है। मैंने यहां के सुरक्षा गार्ड से पूछा, लेकिन उन्होंने कहा कि वह हमें कुछ नहीं बता पाएंगे। हम यहां दो घंटे से खड़े हैं। हमारे पास कोई जाानकारी नहीं है। प्रशासन हमें कुछ नहीं बता रहा है। हमसे अंदर आने के लिए हमारा पर्चा मांगा जा रहा है।’

डॉ. दीक्षा बजाज ने कहा, ‘डॉक्टर अपने घर की बजाय अस्पतालों में अधिक समय बिताते हैं। यह हमारा दूसरा घर है। अगर हम यहां सुरक्षित नहीं हैं, तो सुरक्षित कहां रहेंगे? हम अपनी सुरक्षा की मांग करते हैं और कुछ नहीं। हम मरीजों की सेवा कर रहे हैं लेकिन हमारी सुरक्षा भी महत्वपूर्ण है। अगर हम सुरक्षित नहीं हैं, तो हम अपना काम कैसे करेंगे?… हम न्याय चाहते हैं। न्याय मिलने के बाद हम अपनी हड़ताल वापस लेंगे।

सरकारी अस्पताल के सेमिनार हॉल के अंदर मिला था शव
महिला डॉक्टर का शव नौ अगस्त को उत्तरी कोलकाता के एक सरकारी अस्पताल के सेमिनार हॉल के अंदर से मिला था। शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उनकी हत्या से पहले यौन शोषण की पुष्टि हुई। इसके बाद शनिवार को एक स्वयंसेवक को गिरफ्तार किया गया था।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को लिखा पत्र
कोलकाता में महिला डॉक्टर की हत्या के बाद देश भर में जारी विरोध-प्रदर्शन के बीच भारतीय चिकित्सा संघ ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा को पत्र लिखा है। आरजी कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में महिला डॉक्टर की दुष्कर्म और हत्या के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस कड़ी में भारतीय चिकित्सा संघ ने पत्र के जरिए पश्चिम बंगाल राज्य सरकार से अपनी तीन प्रमुख मांगें रखी है। आईएमए ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा को पत्र लिखकर अपराध को संभव बनाने वाली स्थितियों की विस्तृत जांच करने और कार्यस्थल पर डॉक्टरों विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा में सुधार के लिए कदम उठाने की मांग की।

क्या है भारतीय चिकित्सा संघ की तीन प्रमुख मांगें?
आईएमए ने पश्चिम बंगाल राज्य सरकार से निम्नलिखित मांग की है, जिसमें पहली मांग है, मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों को सजा मिले। दूसरी मांग है, अपराध को संभव बनाने वाली परिस्थितियों की विस्तृत जांच हो। तीसरी मांग है, कार्यस्थल पर डॉक्टरों, खासकर महिलाओं की सुरक्षा में सुधार के लिए तत्काल कदम उठाए जाएं।