Faridabad/Alive News : फरीदाबाद नगर निगम ने शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। निगमायुक्त धीरेंद्र खड़गटा के आदेशानुसार अब सड़क सफाई से लेकर डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण तक की जिम्मेदारी संबंधित जोनवार संयुक्त आयुक्तों को सौंपी गई है।
इस व्यवस्था के तहत संयुक्त आयुक्त यह सुनिश्चित करेंगे कि घर-घर से नियमित रूप से कचरा संग्रहित हो और सभी कचरा संग्रहण स्थलों की तुरंत सफाई की जाए। साथ ही ठोस अपशिष्ट का परिवहन, गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट्स , सेकेंडरी कलेक्शन प्वाइंट्स एवं ट्रांसफर स्टेशनों से लैंडफिल साइट तक कचरे का निस्तारण और भुगतान संबंधी कार्य भी उनकी जिम्मेदारी में शामिल रहेगा।
निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि यदि किसी एजेंसी द्वारा काम में लापरवाही बरती जाती है तो उसके खिलाफ निर्धारित दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में चलाए जा रहे 11 सप्ताह के हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान को सफल बनाने की दिशा में यह पहल अहम साबित होगी। खड़गटा ने कहा कि नई व्यवस्था से स्वच्छता कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी तथा फरीदाबाद को स्वच्छ और स्मार्ट सिटी बनाने का लक्ष्य तेजी से पूरा किया जा सकेगा।

