Faridabad/Alive News: जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा कि 7 दिसंबर को जुलाना में आयोजित होने वाले पार्टी के 8वें स्थापना दिवस कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। उन्होंने बताया कि इस आयोजन को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है और हर जिले से बड़ी संख्या में लोग रैली में भाग लेंगे। शुक्रवार को कैथल में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक में वे तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे और उन्होंने रैली को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
दिग्विजय चौटाला ने कहा कि प्रदेश के सभी वर्गों के लोग जुलाना में होने वाले इस शक्ति प्रदर्शन को सफल बनाएंगे। उन्होंने बताया कि बड़े खुले मैदान में विशाल समारोह की व्यवस्था की जा रही है, जिसमें पूरे हरियाणा से लोगों को आमंत्रित किया गया है। चौटाला ने दावा किया कि जेजेपी इस रैली के माध्यम से जोरदार वापसी करेगी और जुलाना में जुटी भीड़ प्रदेश में बदलाव का संदेश देगी।
जेजेपी नेता ने कहा कि रैली के दौरान भाजपा सरकार की “जनविरोधी नीतियों” को खुलकर उजागर किया जाएगा। दिग्विजय चौटाला ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की खराब नीतियों से प्रदेश का हर वर्ग परेशान है। उन्होंने कहा कि रोजगार में अनदेखी के चलते लाखों युवा बेरोजगारी का सामना कर रहे हैं, जबकि किसानों को न तो फसलों के उचित दाम मिले और न ही फसल खराबे का मुआवजा अब तक मिला है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने किसानों को एमएसपी और मुआवजे के नाम पर सिर्फ धोखा दिया है। चौटाला ने कहा कि यह रैली सरकार को जनता के असंतोष का स्पष्ट संदेश देगी।

