Faridabad/Alive News: सेक्टर 21बी स्थित जीवा पब्लिक स्कूल में वार्षिक खेल महोत्सव का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य छात्रों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाना और खेल भावना को विकसित करना था। विद्यालय प्रशासन ने सुनिश्चित किया कि हर छात्र किसी न किसी रूप में इस महोत्सव में शामिल हो।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। खेल प्रतियोगिता अंर्तसदन स्तर पर आयोजित की गई, जिसमें चारों सदनों के छात्रों और शिक्षकों ने खेलकूद, अनुशासन और सामाजिक संदेशों को ध्यान में रखते हुए सहभागिता की। प्रतियोगिता में दक्षता, निपुणता और बौद्धिक क्षमता को मुख्य आधार बनाया गया। साथ ही विद्यालय के प्रमुख सिद्धांत बुद्धि, स्वभाव, स्वाध्याय और SOE को भी प्रतियोगिता में शामिल किया गया।
प्रतियोगिता में मीरा बाई सदन ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि अशोका सदन दूसरे स्थान पर रहा। दोनों सदनों के कैप्टन और वाइस कैप्टन की विशेष प्रशंसा की गई। विद्यालय की उपाध्यक्षा चंद्रलता चौहान ने फिजिकल एजुकेशन टीम और छात्रों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें आगे भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
अध्यक्ष ऋषिपाल चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि अनुशासन, समर्पण और सकारात्मक सोच का महत्वपूर्ण पाठ है। उन्होंने बताया कि जीवा लर्निंग सिस्टम का उद्देश्य भी छात्रों में ये गुण विकसित करना है, ताकि वे आत्मविश्वास और नैतिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ सकें।
इस अवसर पर उपाध्यक्षा चंद्रलता चौहान और एकेडमिक हेड मुक्ता सचदेव ने सभी छात्रों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी।

