March 7, 2026

शादी समारोह में हुई 18 लाख की चोरी, अपराध शाखा सेक्टर-85 ने आभूषण किए बरामद

Faridabad/Alive News: पुलिस ने शादी समारोह में हुए आभूषण और नकदी चोरी के मामले को सुलझाकर बड़ी सफलता हासिल की है। यह चोरी 24 नवंबर 2025 को ओल्ड थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान हुई थी, जहां अज्ञात व्यक्ति ने बैग काटकर करीब 18 लाख रुपये के सोने के आभूषण और नगदी चोरी कर ली थी।

मामले की जांच अपराध शाखा सेक्टर-85 को सौंपी गई थी। टीम ने कार्रवाई करते हुए त्रिखा कॉलोनी निवासी अर्जुन को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने चोरी किए गए आभूषणों को एक बैंक में गिरवी रखकर 10 लाख रुपये का लोन ले लिया था।

इसके बाद अपराध शाखा की टीम ने आगे की कार्रवाई करते हुए सभी चोरी किए गए आभूषण बरामद कर लिए। पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से पीड़ित परिवार को बड़ी राहत मिली।

इस मामले के खुलासे के बाद 21 जनवरी 2026 को सेक्टर-19 आरडब्ल्यूए प्रधान अशोक रखेजा सहित पीड़ित परिवार और अन्य गणमान्य लोग सुल्तान, सुरेश मंगला, प्रवीन भाटी, संजय भाटी, नवीन भाटी व अन्य ने पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता से मुलाकात कर फरीदाबाद पुलिस का धन्यवाद किया।

पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने कहा कि फरीदाबाद पुलिस शहर में अपराध पर पूरी सख्ती से कार्रवाई कर रही है और आगे भी अपराधियों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।