Faridabad/Alive News: सेक्टर-21बी स्थित जीवा पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने एमवीएन अरावली हिल्स द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित टेकब्लिट्ज़ 10.0 इंटरस्कूल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि से विद्यालय का नाम पूरे शहर में गौरवान्वित हुआ।
प्रतियोगिता में फरीदाबाद के लगभग 22–23 प्रतिष्ठित विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। इनमें अरावली इंटरनेशनल स्कूल, सेंट थॉमस स्कूल, डीपीएस ग्रेटर फरीदाबाद, डायनेस्टी इंटरनेशनल स्कूल, एपीजे स्कूल (सेक्टर-15), मॉडर्न विद्या निकेतन (एमवीएन), मॉडर्न विद्या मंदिर और जीवा पब्लिक स्कूल सहित कई प्रमुख शिक्षण संस्थान शामिल रहे।
जीवा पब्लिक स्कूल के चार विद्यार्थियों ने दो अलग-अलग प्रतियोगिताओं में विद्यालय का प्रतिनिधित्व किया। पीस पिक्सल प्रतियोगिता में कक्षा चौथी की तिया सोरुत और तापसी ने स्क्रैच जूनियर की मदद से शांति और सद्भाव पर आधारित एक अभिनव डिजिटल प्रोजेक्ट प्रस्तुत किया। वहीं क्राफ्टिंग हार्मनी प्रतियोगिता में कक्षा छठी के अद्वैत चौहान और अक्षत भाटिया ने गामा एआई की सहायता से कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) पर आधारित प्रभावशाली प्रस्तुति देकर अपनी तकनीकी दक्षता और रचनात्मक सोच का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
विद्यालय के अध्यक्ष एवं जीवा लर्निंग सिस्टम के इनोवेटर ऋषिपाल चौहान ने कहा कि आज की शिक्षा का उद्देश्य केवल तकनीक का ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को उसका जिम्मेदार, रचनात्मक और मानवीय उपयोग करना भी सिखाना है। उन्होंने कहा कि जीवा लर्निंग सिस्टम विद्यार्थियों में तकनीकी कौशल, समस्या-समाधान क्षमता, संचार कौशल, टीमवर्क और नैतिक मूल्यों के विकास पर विशेष ध्यान देता है।
उपाध्यक्ष चंद्रलता चौहान और एकेडमिक हेड मुक्ता सचदेव ने विजेता विद्यार्थियों और मार्गदर्शक शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों में रचनात्मक सोच, डिजिटल दक्षता, टीमवर्क और आत्मविश्वास को बढ़ावा देती हैं तथा उन्हें भविष्य की तकनीकी चुनौतियों के लिए तैयार करती हैं।
विद्यालय की प्रधानाचार्या नरजीत कौर ने भी सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को उनकी शानदार उपलब्धि पर शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

