Faridabad/Alive News: गांव दयालपुर स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के प्रांगण में जनहित सेवा संस्था फरीदाबाद द्वारा शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सर्वोदय अस्पताल सेक्टर-08, ग्राम पंचायत दयालपुर एवं शिक्षा समिति दयालपुर के सहयोग से किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार बघेल, विशिष्ट अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी बल्लभगढ़ महेंद्र सिंह, डॉ. पंकज वलेचा, डॉ. सोमेश विरमानी और राकेश त्यागी (सर्वोदय अस्पताल) उपस्थित रहे। संस्था के प्रधान संतसिंह हुड्डा, महासचिव सुभाष गहलोत, सरपंच प्रीति, नरेंद्र सराव, मुनेशपाल पाल सहित गांव की सरदारी ने अतिथियों का स्वागत पौधा भेंटकर एवं पगड़ी पहनाकर किया।
कार्यक्रम में लगभग 300 अध्यापकों को सम्मानित किया गया, जिनमें सरकारी, निजी एवं सेवानिवृत्त शिक्षक शामिल रहे। विशेष रूप से 60 सेवानिवृत्त अध्यापकों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सर्वोदय अस्पताल की ओर से सभी शिक्षकों का शुगर, बीपी और कोलेस्ट्रॉल आदि की निःशुल्क जांच भी की गई।
मुख्य अतिथि अशोक कुमार बघेल ने कहा कि अध्यापक देश निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं और गुरु की कृपा से ही जीवन की सच्ची राह मिलती है। विशिष्ट अतिथि महेंद्र सिंह ने गुरु के ज्ञान को अमूल्य बताते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं। वहीं, डॉ. पंकज वलेचा और डॉ. सोमेश विरमानी ने उपस्थित लोगों को स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. जयप्रकाश वैष्णव एवं प्राचार्या सुमन बाला ने की, जबकि मंच संचालन संस्था के प्रधान संतसिंह हुड्डा और प्रवक्ता नरेंद्र सिंह सराव ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर मुख्य अध्यापक समरदेशवाल, वीरबाला, सुनिता कर्दम, राजेश शर्मा, विरेन्द्र जाखड़, इंद्रराज (चेयरमैन हंसराज स्कूल), मास्टर विरेन्द्र सिंह (नालंदा स्कूल), संजय खट्टर सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। कार्यक्रम में शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए आयोजन की भूरी-भूरी प्रशंसा की गई।

