Jammu/Alive News: जम्मू-कश्मीर में पिछले 24 घंटों से लगातार हो रही भारी बारिश ने कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात पैदा कर दिए हैं। राजौरी, अनंतनाग, उधमपुर, किश्तवाड़, डोडा और रामबन समेत कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने 23 जुलाई तक भारी बारिश और तेज गरज-चमक का अलर्ट जारी किया है।
सबसे ज्यादा नुकसान राजौरी जिले में देखने को मिला है। लगातार बारिश के कारण धरहल नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिससे बाढ़ का पानी शहर में घुस गया। स्थानीय लोगों के अनुसार बाढ़ में 200 से 250 से अधिक वाहन बह गए। बस स्टैंड और आसपास के कई इलाके पानी में डूब गए हैं और कई जगहों पर भारी नुकसान हुआ है।
भारी बारिश के कारण कई निचले इलाकों में पानी भर गया है, जिससे लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदियों, नालों और बाढ़ संभावित क्षेत्रों से दूर रहें तथा बिना जरूरी कारण यात्रा न करें।
बारिश और भूस्खलन के खतरे को देखते हुए 19 जुलाई से श्री अमरनाथ यात्रा और श्री माता वैष्णो देवी यात्रा को एहतियात के तौर पर अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। पहलगाम और बालटाल दोनों मार्गों पर यात्रियों की आवाजाही फिलहाल बंद कर दी गई है। कटरा में भी श्रद्धालुओं को अगले आदेश तक यात्रा न करने की सलाह दी गई है।
किश्तवाड़ जिले में भारी बारिश के कारण कई हादसे हुए हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार चार लोगों की मौत हुई है, जबकि कई लोगों के लापता होने की सूचना भी सामने आई है। पुलिस और प्रशासन ने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी कर अगले तीन दिनों तक विशेष सावधानी बरतने को कहा है।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से संपर्क कर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। सरकार ने प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता देने का भरोसा दिया है।
मौसम विभाग के अनुसार 19 से 23 जुलाई के बीच जम्मू, कठुआ, सांबा, राजौरी, डोडा, रामबन और किश्तवाड़ सहित कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश जारी रह सकती है। प्रशासन ने कंट्रोल रूम सक्रिय कर दिए हैं और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

