May 21, 2024

जल शक्ति अभियान : सभी कार्यों को पोर्टल पर ऑनलाइन करना होगा अपडेट

Faridabad/Alive News : जल शक्ति अभियान के तहत किए जाने वाले सभी कार्यों को संबंधित पोर्टल पर अपडेट करना जरूरी होगा। काम होने के बाद भी ऑनलाइन अपडेट नहीं होने के कारण जिला की प्रगति कम दिखती है। ऐसे में सभी विभागों के अधिकारी इस कार्य की स्वयं समीक्षा करेंगे।

जिला में जल शक्ति अभियान को लेकर काफी अच्छा कार्य हो रहा है। लेकिन इन कार्यों को ऑनलाइन अपडेट नहीं किया गया है। जिसके कारण जिला की प्रगति पीछे दिख रही है। ऐसे में सभी विभागों के अधिकारियों को स्वयं इसकी समीक्षा करते हुए कामों को पूरा होते ही इनकी स्थिति जल शक्ति अभियान पोर्टल पर अपडेट करना होगा।

सीईओ जिला परिषद कम जल शक्ति अभियान टू के नोडल अधिकारी सतेन्द्र दुहन ने कहा कि जल शक्ति अभियान और अटल भू-जल योजना के तहत निर्धारित लक्ष्यों को निश्चित समय अवधि में पूरा करने के लिए सबको मिलकर कार्य करने की जरूरत है। इस वर्ष भी केंद्र सरकार ने जल शक्ति अभियान कैच द रेन-2022 को उसी जोश और उत्साह के साथ जारी रखने का निर्णय लिया है। इस अभियान का उद्देश्य पांच लक्ष्यों को रख कर किया गया है, जिसमें जल संरक्षण और वर्षा जल संचयन, पारंपरिक और अन्य जल निकायों का नवीनीकरण, पानी का पुन: उपयोग और संरचनाओं का पुनर्भरण, वाटरशेड विकास, गहन वनरोपण करना है।