Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के एनआईटी इलाके में एक आयरन-स्टील व्यापारी के साथ 8.34 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित गोपाल दास चावला, जो नेहरू ग्राउंड में भारत इंटरप्राइजेज नाम से कारोबार करते हैं, ने बताया कि सितंबर 2025 में अशोक उर्फ लीलू नाम के व्यक्ति ने ‘बाबा ऑटो वर्क्स’ के नाम पर उनसे लोहे का सामान खरीदा। इस माल की कुल कीमत करीब 8.84 लाख रुपये थी।
तय शर्त के मुताबिक 30% एडवांस देना था, लेकिन आरोपियों ने सिर्फ 50 हजार रुपये ही दिए। इसके बाद भरोसा दिलाकर पूरा माल गाड़ी में लोड करवा कर ले गए और बाकी पैसे नहीं दिए।
काफी दबाव डालने पर आरोपियों ने 8.34 लाख रुपये का चेक दिया, लेकिन पहला चेक गलत नाम से था। जब दूसरा चेक बैंक में लगाया गया तो पता चला कि उस पर किए गए साइन फर्जी हैं।
पीड़ित का आरोप है कि पैसे मांगने पर आरोपी बहाने बनाते रहे और बाद में जान से मारने की धमकी देने लगे। अशोक अपने साथियों के साथ दुकान के बाहर आकर गाली-गलौज भी करता था।
पुलिस ने अशोक, कपिल, भगवान नांदल और ओमप्रकाश के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी प्रवीण के मुताबिक, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

