March 7, 2026

सामूहिक दुष्कर्म मामले में प्राइवेट एंबुलेंस की भूमिका की जांच तेज, पुलिस अलर्ट

Faridabad/Alive News: महिला के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले में प्राइवेट एंबुलेंस के इस्तेमाल की आशंका सामने आने के बाद पुलिस सतर्क हो गई है। इसी कड़ी में मंगलवार को पुलिस ने बादशाह खान अस्पताल से संचालित होने वाली प्राइवेट एंबुलेंसों की जांच की। जांच के दौरान एंबुलेंस चालकों से पूछताछ की गई और उनके दस्तावेजों की भी गहनता से जांच की गई।

पुलिस ने सभी एंबुलेंस चालकों के नाम और पते दर्ज किए। जानकारी के अनुसार, बादशाह खान अस्पताल से करीब 20 से 25 प्राइवेट एंबुलेंस संचालित होती हैं। इनके चालक अस्पताल परिसर में ही रहते हैं और मरीजों को लाने-ले जाने का कार्य करते हैं।

गौरतलब है कि 30 दिसंबर की रात मेट्रो मोड़ से लिफ्ट लेकर वैन में सवार हुई एक महिला के साथ दो युवकों ने कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया था। वारदात के बाद आरोपित महिला को चलती वैन से फेंककर फरार हो गए थे। पुलिस ने इस मामले में दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

हालांकि, बाद में पीड़िता की बहन ने दावा किया कि दुष्कर्म की वारदात वैन में नहीं, बल्कि एक प्राइवेट एंबुलेंस में हुई थी। इस दावे के बाद पुलिस ने मामले की दोबारा गंभीरता से जांच शुरू कर दी है और इसी के तहत एंबुलेंसों की जांच की जा रही है।