Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने बीमा एजेंट की हत्या कर शव को नाले में फेंकने के मामले का खुलासा कर दिया है। क्राइम ब्रांच डीएलएफ की टीम ने इस वारदात में शामिल एक महिला और उसके मंगेतर को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 26 अक्टूबर की सुबह थाना पल्ला पुलिस को सूचना मिली कि एत्मादपुर पुल के पास श्मशान घाट के नजदीक नाले में एक व्यक्ति का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जांच की तो मृतक के सिर पर चोट और गले पर रस्सी के निशान मिले। पास में एक मोटरसाइकिल भी खड़ी थी।
जांच में मृतक की पहचान चंदर, निवासी ईस्ट विनोद नगर, कल्याणपुरी (दिल्ली) के रूप में हुई। मृतक के भाई मदन गोपाल की शिकायत पर थाना पल्ला में हत्या का मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान क्राइम ब्रांच डीएलएफ ने कार्रवाई करते हुए लक्ष्मी (29) निवासी मीठापुर, दिल्ली और उसके मंगेतर केशव (26) निवासी संतोष नगर, बुराड़ी (दिल्ली) को गिरफ्तार किया।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि मृतक चंदर और महिला लक्ष्मी के बीच पिछले 4-5 साल से जान-पहचान थी। अब लक्ष्मी की सगाई केशव से हो चुकी थी, लेकिन चंदर उसे ब्लैकमेल कर रहा था और शादी करने से रोकने की धमकी दे रहा था।
इससे परेशान होकर लक्ष्मी और केशव ने चंदर को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। 25 अक्टूबर की रात, लक्ष्मी ने चंदर को मीठापुर बुलाया और उसे मोटरसाइकिल पर एत्मादपुर की तरफ एक सुनसान जगह ले गई, जहां केशव और उसके दो साथियों ने मिलकर रस्सी से गला दबाकर और सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। बाद में शव को नाले में फेंक दिया गया।
बीमा एजेंट की हत्या का खुलासा: महिला और उसका मंगेतर गिरफ्तार

