Faridabad/Alive News: इस सप्ताह निदेशालय की ऑनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंस के बाद शिक्षा विभाग ने जिले के सभी सरकारी स्कूलों के मुखियाओं, प्रिंसिपल और डीडीओ को लंबित कार्यों का जल्द निपटारा करने के सख्त निर्देश दिए हैं। साथ ही सामान्य स्थानांतरण अभियान-2026 से जुड़े दावों और आपत्तियों के निपटान के लिए संबंधित कर्मचारियों के दस्तावेजों के साथ स्कूल मुखिया को जिला कार्यालय में उपस्थित होने को कहा गया है। इसके अलावा, जिन स्कूलों में कोई कर्मचारी 89 दिन से ज्यादा समय से चाइल्ड केयर लीव पर है, उनका पूरा ब्योरा भी विभाग को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
स्कूल मुखियाओं को यह सुनिश्चित करना होगा कि सभी कर्मचारियों के लंबे समय से लिए गए अवकाश की जानकारी एमआईएस पोर्टल पर दर्ज हो। साथ ही सामान्य तबादला अभियान में आने वाली संरक्षित और बाहर रखी गई कैटेगरी की भी अच्छी तरह जांच करनी होगी। कर्मचारियों को अनुभव के अंक उनकी नियमित नियुक्ति की तारीख के आधार पर ही दिए जाएंगे। अगर किसी कर्मचारी या स्कूल मुखिया की ओर से गलत जानकारी दी जाती है, तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित कर्मचारी और स्कूल मुखिया की होगी।
स्कूलों में 100 पौधे लगाने होंगे
विभाग ने स्कूलों को जरूरी काम कराने के लिए एक लाख रुपये तक खर्च करने की अनुमति दी है। हर स्कूल में 100 पौधे लगाने और उनमें से कम से कम 30 प्रतिशत पौधों को जीवित रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा स्कूलों में सप्ताह में एक पीरियड श्रमदान के लिए रखने और खेल मैदान को बेहतर बनाने को कहा गया है।
दोहरी डेस्क की मांग एमआईएस पर
स्कूलों को जरूरत के अनुसार दोहरी डेस्क की मांग एमआईएस पोर्टल पर भेजने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, खराब या लंबे समय से इस्तेमाल में नहीं आ रहे कंप्यूटर, टैबलेट और अन्य डिजिटल उपकरणों का नियम के अनुसार निपटारा करना होगा। विभाग ने साफ कहा है कि इन कामों में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

