Noida/Alive News: ग्रेटर नोएडा के लोगों के लिए अच्छी खबर है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने शहर में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए विकास का पिटारा खोल दिया है। प्राधिकरण ने 19 बड़े विकास कार्यों के लिए ई-निविदा आमंत्रण सूचना जारी की है।
परियोजना विभाग के मुताबिक शहर की छवि को और अधिक बेहतर बनाने की दिशा में काम तेजी से होगा। इसके लिए प्राधिकरण लगातार निविदाएं जारी कर विकास कार्य की नई रेखा खींचने में जुटा हुआ है। प्राधिकरण ने 19 विकास कार्यों की सूची तैयार की है।
इस पर लगभग 124.73 करोड़ रुपये से अधिक अनुमानित बजट खर्च किया जाएगा। सबसे महंगा कार्य सेक्टर-एक और एग्रीकल्चर ग्रीन की शेड सर्विस रोड का निर्माण है, जिसकी लागत 124.6 करोड़ रुपये है। सबसे कम लागत का कार्य ग्राम बिसरख जलालपुर में 10 प्रतिशत आबादी भूखंडों का विकास कार्य है।
किन-किन कार्यों को मिली मंजूरी
परियोजना विभाग के महाप्रबंधक एके सिंह ने बताया कि प्रमुख कार्यों में ग्राम बिसरख जलालपुर में पुरानी आबादी में सीसी रोड और आरसीसी ड्रेन का निर्माण, सेक्टर ओमीक्रोन-1, 2, 3 और म्यू-1, 2 में 60 मीटर रोड के साथ क्षतिग्रस्त ब्रिक ड्रेन को आरसीसी ड्रेन में बदलना, गौर सिटी में फुटपाथ और 45 मीटर सड़क का चौड़ीकरण, चाइ-फाइ में अलावास बांध पर 80 मीटर चौड़ी सड़क पर पत्थर पिचिंग और टी-वाल का निर्माण शामिल है।
इसके अलावा नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और कासना-घरबरा रोड की रिसर्फेसिंग, कासना से सिरसा रोटरी तक 80 मीटर रोड पर ग्रास ग्रिड, टेकजोन-4 में नाली कवर और ग्रास पेवर टाइल लगाने का काम भी शामिल है। कार्यों की निविदा 3 सितंबर से 16 सितंबर 2026 तक अपलोड की जा सकती है। प्री-क्वालिफिकेशन 18 सितंबर को खोली जाएगी।

