March 7, 2026

फरीदाबाद, पलवल और नूंह में सख्त पर्यावरणीय कार्रवाई के निर्देश

Faridabad/Alive News : हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एचएसपीसीबी) के सदस्य सचिव योगेश कुमार की अध्यक्षता में फरीदाबाद, पलवल और नूंह जिलों को लेकर अंतर-विभागीय समीक्षा बैठक हुई। बैठक में औद्योगिक, वायु व जल प्रदूषण पर नियंत्रण और यमुना संरक्षण को लेकर सख्त व समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

अवैध औद्योगिक इकाइयों, स्वीकृत ईंधन का उपयोग न करने वालों और वायु प्रदूषण नियंत्रण उपकरण विहीन इकाइयों को तत्काल बंद करने के निर्देश दिए गए। पर्यावरणीय मुआवजा बकाया रखने वाली इकाइयों की संचालन स्वीकृति रद्द कर वसूली भू-राजस्व के रूप में करने का निर्णय लिया गया।

यमुना में अवैध सीवेज डालने वाले टैंकरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने, नालों पर फेंसिंग और कचरा डंपिंग रोकने के निर्देश दिए गए। प्लास्टिक व ठोस कचरा प्रबंधन के तहत सिंगल-यूज़ प्लास्टिक की जब्ती और चालान की कार्रवाई तेज करने को कहा गया।

बैठक में एफएमडीए, नगर निगम फरीदाबाद, नूंह व पलवल की नगर परिषदें, सिंचाई विभाग और डीएचबीवीएन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। पर्यावरण संरक्षण को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए नियम उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई के संकेत दिए गए।