March 7, 2026

वार्ड 35 में सफाई अभियान का निरीक्षण, दुकानदारों से पॉलीथिन का प्रयोग बंद करने की अपील

Faridabad/Alive News: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देश पर चल रहे 11 सप्ताह के ‘हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान’ को सफल बनाने के लिए नगर निगम फरीदाबाद वार्ड 35 में जॉइंट कमिश्नर राजेश कुमार ने आज सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। यह निरीक्षण निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के मार्गदर्शन में किया गया।

उन्होंने सेक्टर 17 मार्केट के पीछे ग्रीन वेस्ट हटाने के कार्य को देखा और अधिकारियों को समय पर सफाई पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि ग्रीन वेस्ट और अन्य कचरे की सफाई नियमित हो, ताकि लोगों को कोई परेशानी न हो।

इसके बाद जॉइंट कमिश्नर सेक्टर 17 हुड्डा मार्केट पहुंचे, जहां उन्होंने दुकानदारों से बात की और प्रतिबंधित पॉलीथिन का इस्तेमाल न करने की अपील की। उन्होंने दुकानदारों को हर दुकान पर डस्टबिन रखने और कचरा उसमें डालने के लिए भी जागरूक किया।

इस मौके पर वार्ड पार्षद सचिन शर्मा और क्षेत्र के गणमान्य लोग भी मौजूद थे। जॉइंट कमिश्नर ने कहा कि स्वच्छता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है और इसमें प्रशासन का सहयोग करना हर नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा, “जब हरियाणा स्वच्छ रहेगा, तभी हरियाणा स्वस्थ भी रहेगा।”