May 20, 2024

भारत जोड़ो आंदोलन के तहत दिए भड़काऊ भाषण, मुकदमा दर्ज

New Delhi/Alive News : जंतर-मंतर पर भारत जोड़ो आंदोलन के तहत भड़काऊ भाषण देने के मामले में दिल्ली पुलिस ने कनॉट प्लेस थाने में मामला दर्ज किया है। जंतर मंतर पर रविवार को कुछ लोगों ने जमा होकर एक आगामी संसद सत्र में पांच स्वदेशी कानून बनाने की मांग को लेकर कई भड़काऊ बयान दिए। जिसका वीडियो भी बहुत तेजी से वायरल हो रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार इस आंदोलन को अश्विनी उपाध्याय ने आयोजित किया था। वहीं सेव इंडिया फाउंडेशन ने आठ अगस्त 1947 को हुए भारत छोड़ो आंदोलन की तर्ज पर भारत जोड़ो आंदोलन का आगाज किया है। जंतर-मंतर पर सेव इंडिया फाउंडेशन के अध्यक्ष प्रीत सिंह और महासचिव अरविंद त्यागी के अलावा उच्चतम न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता अश्विनी उपाध्याय, नीरज नक्षत्र चौहान, जनसंख्या समाधान फाउंडेशन के अध्यक्ष अनिल चौधरी, हिंदू रक्षा दल के भूपेंद्र चौधरी, आर्य निर्मात्री सभा के सुनील आर्य, देवसेना से वृजभूषण सैनी, मां कामधेनु फाउंडेशन से दीपक तोमर, हिंदू सेना के विष्णु गुप्ता व देशभर के सैकड़ो लोगों ने प्रदर्शन में हिस्सा लिया। 

संगठन के अध्यक्ष प्रीत सिंह ने बताया कि अंग्रेजी कानूनों की वजह से देश अंग्रेजी मानसिकता से चलाया जा रहा है। देश के लिए यह खतरनाक है। उन्होंने कहा कि आंदोलन में पांच देशी कानूनों को जल्द बनाने की मांग की गई। समान शिक्षा, समान नागरिक संहिता, धर्मांतरण नियंत्रण कानून, घुसपैठ नियंत्रण कानून और जनसंख्या नियंत्रण कानून को आगामी संसद सत्र में बनाने की मांग है। यदि ऐसा नहीं हुआ तो रामलीला मैदान में बड़ा आंदोलन होगा।

रविवार को जंतर-मंतर पर सेव इंडिया फाउंडेशन के प्रदर्शन के अलावा आशाराम बापू को रिहा करने के लिए उनके समर्थक सड़क पर उतरे। दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर संसद मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी थी। जंतर-मंतर जाने के रास्ते सुबह से शाम तक बंद कर लिए थे। संसद मार्ग पर केवल पैदल जाने की इजाजत थी। केरला हाउस, जनपथ, पटेल चौक, दिल्ली पुलिस मुख्यालय और कनाट प्लेस के आस-पास से जंतर-मंतर जाने के रास्तों पर सख्त बैरीकेडिंग्स की गई थी।