May 4, 2024

लड्डू गोपाल के स्वागत के लिए सजकर तैयार हुई औद्योगिक नगरी

Faridabad/Alive News : श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर औद्योगिक नगरी पूरी तरह सज कर कान्हा के स्वागत के लिए तैयार है। इस बार कई मंदिर आकर्षण का केंद्र बनेंगे। क्योंकि मंदिरों में कान्हा के विभिन्न रूपों का दीदार करने के लिए शाम 7 बजे से आकर्षक झांकियां निकाली जाएंगी।

साथ ही आज भवन एवं परिसर को रंग-बिरंगी लाइटों, फूलों से सजाया जा रहा है। बाजारों में कान्हा के भक्तों ने अपने घर के मंदिर को सजाने के लिए विभिन्न प्रकार के सजावटी सामान जैसे लड्डू गोपाल की प्रतिमा, उनकी पोशाक, बांसुरी, आंखें, बाल आदि की जमकर खरीदारी की है। श्रद्धालु जब शुक्रवार को मंदिरों में जाएंगे, तो उन्हें श्रीकृष्ण से जुड़ी झांकियों के अलावा इंडिया गेट, माता वैष्णोदेवी की गुफा, अमरनाथ गुफा, 25 फुट के बजरंगी बली की झांकी भी नजर आएंगी।

ये मंदिर होंगे आकर्षण का केंद्र
एनआइटी पांच में सर्वेश्वर मंदिर में कान्हा के लिए 15 फुट ऊंचा स्वर्ण झूला तैयार किया गया है, पूरे मंदिर राधा कृष्ण का यह झूला आकर्षण का केंद्र होगी। इसके अलावा बांके बिहारी मंदिर में इस बार भक्त इंडिया गेट का दीदार करेंगे।

वहीं महारानी विष्णु देवी मंदिर में 31 किलो का केक काटा जाएगा। साथ ही इस मंदिर से निकलने वाली मनमोहक झांकियां निकाली जाएंगी। मंदिर के प्रधान जगदीश भाटिया ने बताया कि इस बार कृष्ण जन्मोत्सव पर कलाकार मथुरा और वृंदावन से बुलाए गए है। इस बार कृष्ण जन्मोत्सव की छटा देखने लायक होगी।