September 16, 2024

हरियाणा भर के आढ़तियों की अनिश्चितकाल हड़ताल आज से, मंड़ियों में बंद रहेगी धान की खरीददारी

Chandigarh/Alive News : सोमवार को आढ़त फिक्स करने, बासमती प्रजातियों को ई-नेम से जोड़ने का विरोध और धान खरीद 20 सितंबर से शुरू कराने आदि कई मांगों को लेकर हरियाणा प्रदेश के आढ़ती एसोसिएशन के आह्वान पर 19 सितंबर से प्रदेश की सभी 135 अनाज मंडियाों में अनिश्चितकाल हड़ताल रहेंगी। आढ़ती अपनी-अपनी मंडियों में खरीद विक्रय आदि बंद कर धरना प्रदर्शन करेंगे।

हरियाणा सरकार ने अभी तक धान खरीद पॉलिसी को भी जारी नहीं किया है। इससे किसान बेहद परेशान हैं, क्योंकि उनका धान इस समय पककर तैयार हो चुका है। पूसा बासमती की प्रजातियों के साथ पीआर धान की भी आवक मंडियों में हो रही है।

हरियाणा स्टेट अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन के राज्य चेयरमैन रजनीश चौधरी के अनुसार रविवार को अनाज मंडी में स्थानीय पदाधिकारियों के साथ बैठक करके प्रदेशभर की मंडियों में हड़ताल की तैयारियों को लेकर समीक्षा की गई। उन्होंने बताया कि सोमवार से प्रदेशभर की अनाज मंडियों में पूर्ण रूप से हड़ताल रहेगी।

किसानों से हड़ताल के दौरान धान लेकर मंडियों में न आने का अनुरोध किया गया है। फिर भी यदि कोई किसान धान लेकर आ जाता है तो उसकी फसल की उतराई तो करा दी जाएगी, लेकिन खरीद का कार्य बंद रहेगा। सभी मंडियों में सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक आढ़ती धरना देंगे।

मिली जानकारी के अनुसार आढ़तियों की हड़ताल को सियासी समर्थन भी मिलने लगा है। इंडियन नेशनल लोक दल (इनेलो) के नेताओं ने हड़ताल को समर्थन देने का एलान आज कर दिया है। सोमवार को कांग्रेस भी समर्थन का एलान कर सकती है।