March 7, 2026

फरीदाबाद की मस्जिदों पर बढ़ी निगरानी, पुलिस कर रही सघन जांच

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में कुछ मस्जिदों को आतंकी संगठन युवाओं को भटकाने और ब्रेनवॉश करने के लिए इस्तेमाल कर रहे थे। पुलिस के सूत्रों के अनुसार, मस्जिदों में बाहरी लोग आकर अपनी बातें फैलाते थे और लोगों को आतंकी गतिविधियों में शामिल करने की कोशिश करते थे। सबसे ज्यादा निशाना युवाओं को बनाया जा रहा था। अब पुलिस की चुनौती यह है कि ऐसे कितने लोग इस ब्रेनवॉश का शिकार हुए हैं।

फरीदाबाद में 300 से ज्यादा मस्जिदें
दिल्ली में 10 नवंबर को लाल किले के पास हुए आतंकी हमले के बाद फरीदाबाद की कई मस्जिदों का कनेक्शन सामने आने लगा।

शहर में करीब 300 मस्जिदें हैं, जिनमें से 50 से अधिक मस्जिदें पुलिस की विशेष निगरानी में हैं। पुलिस अब तक 140 मस्जिदों में जांच कर चुकी है।

पुलिस ने मस्जिदों को सख्त हिदायत दी है कि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।

इन क्षेत्रों की मस्जिदों पर अधिक शक
अल-फलाह यूनिवर्सिटी मुस्लिम बहुल इलाके में है। इसके आसपास फतेहपुर तगा, जोखापुर, सिरोही और टीकरी खेड़ा जैसे गांव हैं, जहां मस्जिदों का घना नेटवर्क है।
धौज गांव में ही लगभग 30 मस्जिदें हैं, जबकि फतेहपुर तगा में 12 और सिरोही, टीकरी खेड़ा व जखोपुर में 25 से अधिक मस्जिदें हैं।

इमाम और आतंकी मुजम्मिल के लिंक
यूनिवर्सिटी की मस्जिद का इमाम इश्तियाक सीधे आतंकी मुजम्मिल के संपर्क में था। मुजम्मिल दिन में पांच बार नमाज पढ़ने आता था और इमाम से लंबे समय तक बातचीत करता था।विस्फोटक भी इमाम के घर पर और धौज गांव में किराये के कमरे में छुपाए गए थे। मुजम्मिल फतेहपुर तगा और सिरोही की मस्जिदों में भी जाता था और युवाओं से ज्यादा बातचीत करता था।

सिरोही के इमाम को दिल्ली पुलिस पूछताछ के लिए ले गई है। जांच एजेंसी यह भी पता लगा रही है कि मुजम्मिल किन-किन और लोगों के संपर्क में था।

दूसरे राज्यों से आने वाली जमातों पर रोक
कई मस्जिदों में यूपी, बिहार और जम्मू-कश्मीर से जमातें आती थीं। इनकी मीटिंग गुप्त होती थीं और इन्हीं पर अब पुलिस ने रोक लगा दी है। मस्जिदों को निर्देश दिया गया है कि हर बाहरी व्यक्ति का नाम रजिस्टर में दर्ज करें।

800 पुलिसकर्मी जुटे जांच में
पुलिस ने बड़े स्तर पर जांच अभियान चलाया है। अब तक 140 मस्जिदों की जांच, 1700 किरायेदारों की जांच, 100 पुराने वाहन डीलरों से पूछताछ, 40 खाद-बीज दुकानों की जांच, 200 होटल-गेस्ट हाउस में पूछताछ और कश्मीर के 500 लोगों से पूछताछ

प्रशासन का आदेश
जिलाधीश विक्रम सिंह ने आदेश दिया है कि—
• सभी संस्थान अंजान लोगों का रिकार्ड रखें
• उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे लगवाएं
• साइबर कैफे आने वालों का रजिस्टर बनाएं
• पुरानी गाड़ियों की खरीद-फरोख्त का पूरा रिकॉर्ड रखा जाए

इमाम का बयान
“मस्जिदों में हमेशा शांति और अमन की बातें होती हैं। आतंकियों का कोई धर्म नहीं होता। सभी मस्जिदों को चेतावनी दी गई है कि वे किसी भी आतंकी गतिविधि से दूर रहें और संदिग्ध लोगों के खिलाफ आवाज उठाएं।”
मौलाना जमालुद्दीन, इमाम, जामा मस्जिद ऊंचा गांव, बल्लभगढ़