March 7, 2026

युवाओं में बुजुर्गों के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाएं माता-पिता : मंत्री

Faridabad/Alive News : फरीदाबाद में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और पीढ़ियों के बीच संवाद को मजबूत करने के उद्देश्य से दक्ष फाउंडेशन द्वारा ‘ख्याल अपने बुजुर्गों का’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम दिल्ली स्कॉलर इंटरनेशनल स्कूल परिसर में हुआ, जिसमें प्रदेश के मंत्री राजेश नागर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे।

इस अवसर पर मंत्री राजेश नागर ने कहा कि आज के समय में युवाओं और बुजुर्गों के बीच संवाद और आपसी समझ बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक बदलाव लाते हैं और बुजुर्गों के प्रति सम्मान व संवेदनशीलता बढ़ाने में मदद करते हैं। मंत्री ने माता-पिता से अपील की कि वे अपने बच्चों में बुजुर्गों के प्रति संवेदनशीलता और सम्मान की भावना विकसित करें। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की पहलों को प्रदेश भर में बढ़ावा दिया जा रहा है और अपनी विधानसभा में इस पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

कार्यक्रम में फरीदाबाद के लगभग 28 स्कूलों के 380 विद्यार्थियों ने अपने दादा-दादी और नाना-नानी सहित करीब 450 बुजुर्ग अभिभावकों के साथ भाग लिया। बच्चों और बुजुर्गों के लिए पांच श्रेणियों में रचनात्मक और मूल्य आधारित प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनके विजेताओं को सम्मानित किया गया।

इस मौके पर अंतरराष्ट्रीय कवि दिनेश रघुवंशी, दिल्ली स्कॉलर इंटरनेशनल स्कूल के चेयरमैन एस. दलाल, रेड क्रॉस सोसायटी के जिला सचिव विजेंद्र सोरोंत सहित सेना के वरिष्ठ अधिकारी, डॉक्टर, सामाजिक कार्यकर्ता और अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में दक्ष फाउंडेशन के संस्थापक एस. एस. दहिया ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।