March 7, 2026

पानी एवं सीवर कनेक्शन नियमितीकरण शिविर में 254 कनेक्शन किए गए नियमित

Faridabad/Alive News: नगर निगम फरीदाबाद द्वारा नागरिकों की सुविधा के लिए बुधवार को विभिन्न जोनों में पानी एवं सीवर कनेक्शन नियमितीकरण शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों के माध्यम से एक ही दिन में कुल 254 कनेक्शन नियमित किए गए, जिनमें 127 पानी और 127 सीवर कनेक्शन शामिल हैं।

इस संबंध में नगर निगम की अतिरिक्त आयुक्त सलोनी शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविरों के आयोजन से बड़ी संख्या में लोगों को लाभ मिला है। उन्होंने बताया कि एनआईटी जोन-1 एवं 2 के अंतर्गत एनएच-5 स्थित बांके बिहारी मंदिर में आयोजित शिविर में 18 पानी और 18 सीवर कनेक्शन नियमित किए गए।

एनआईटी जोन-3 में जे. कॉलोनी स्थित वेद पब्लिक स्कूल में 50 पानी और 50 सीवर कनेक्शन नियमित किए गए।
वहीं ओल्ड फरीदाबाद जोन-1 के सेक्टर-15 स्थित कम्युनिटी सेंटर में 15 पानी और 15 सीवर कनेक्शन, जबकि ओल्ड फरीदाबाद जोन-2 के सूर्या नगर में 12 पानी और 12 सीवर कनेक्शन नियमित किए गए। बल्लभगढ़ क्षेत्र में भी 32 पानी और 32 सीवर कनेक्शन नियमित किए गए।

अतिरिक्त आयुक्त सलोनी शर्मा ने बताया कि नगर निगम भविष्य में भी इसी प्रकार के शिविरों का आयोजन करता रहेगा, ताकि आमजन को समय पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे नगर निगम की योजनाओं का लाभ उठाएं और अपने पानी एवं सीवर कनेक्शन समय रहते नियमित कराएं।