Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के सूरजकुंड रोड स्थित श्री सिद्धदाता आश्रम (श्री लक्ष्मीनारायण दिव्यधाम) में नववर्ष का स्वागत भक्ति, अध्यात्म और उत्साह के साथ किया गया। आश्रम परिसर रंग-बिरंगी रोशनी और भक्तिमय माहौल से सराबोर नजर आया।
इस अवसर पर आश्रम के अधिपति जगद्गुरु स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य महाराज ने भक्तों को संबोधित करते हुए कहा कि नए साल में सभी लोग अपने जीवन से वहम और अहम को छोड़ने का संकल्प लें, क्योंकि ये दोनों ही व्यक्ति के जीवन में दुख का कारण बनते हैं। उन्होंने कहा कि हमारा जीवन हर पल आगे बढ़ रहा है, लेकिन भौतिक चकाचौंध में हम सच्चाई को भूल जाते हैं।
स्वामीजी ने कहा कि आश्रम में की गई सजावटी रोशनी केवल बाहर की सुंदरता नहीं दर्शाती, बल्कि यह हमारे भीतर के अंधकार को दूर करने का संदेश भी देती है। जैसे यह रोशनी पूरे आश्रम को जगमगा रही है, वैसे ही प्रेम, भाईचारे और सेवा की भावना से समाज को भी रोशन करना चाहिए।
उन्होंने बताया कि नया साल सिर्फ कैलेंडर बदलने का नाम नहीं है, बल्कि खुद को बेहतर बनाने और समाज सेवा का संकल्प लेने का अवसर है। इस मौके पर स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य महाराज ने आश्रम द्वारा प्रकाशित नववर्ष कैलेंडर का भी विमोचन किया।
आश्रम प्रबंधन समिति ने बताया कि इसी दिन स्वामीजी का जन्मदिन भी होने के कारण भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला। देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं ने गुरु महाराज को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह की शोभा बढ़ाई। प्रसिद्ध भजन गायक संजय पारेख, लोकेश शर्मा सहित अन्य कलाकारों ने भक्ति भजनों से माहौल को भक्तिमय बना दिया। इसके साथ ही आश्रम परिसर में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों पर खाने-पीने की वस्तुओं का भी लोगों ने भरपूर आनंद लिया।

