March 7, 2026

आने वाले वर्षों में फरीदाबाद की पहचान राष्ट्रीय मानचित्र पर होगी और भी मजबूत : कृष्ण पाल गुर्जर

Faridabad/Alive News: केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने सोमवार को न्यू जनता कॉलोनी में 44.80 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सीवर लाइन, पानी की लाइन और आरएमसी रोड निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस अवसर पर बल्लभगढ़ विधायक मूलचंद शर्मा भी मौजूद रहे।

 गुर्जर ने कहा कि भाजपा सरकार की प्राथमिकता जनता को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने घोषणा की कि दिल्ली एयरपोर्ट को गुड़गांव, फरीदाबाद और जेवर एयरपोर्ट से जोड़ने वाली रेपिड मेट्रो परियोजना को स्वीकृति मिल गई है, जिसका कार्य वर्ष 2026 से शुरू होगा। यह परियोजना फरीदाबाद को राष्ट्रीय परिवहन नेटवर्क का महत्वपूर्ण केंद्र बनाएगी। साथ ही बल्लभगढ़ से पलवल तक मेट्रो विस्तार योजना भी तेजी से आगे बढ़ रही है।

उन्होंने बताया कि ग्रेटर फरीदाबाद में 400 करोड़ रुपये की लागत से कन्वेंशन सेंटर, नहर पार क्षेत्र में नया केंद्रीय विद्यालय और पूरे शहर की बिजली लाइनों को अंडरग्राउंड करने का कार्य भी जल्द शुरू होगा।

विधायक मूलचंद शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार में फरीदाबाद व बल्लभगढ़ में विकास कार्यों की रफ्तार ऐतिहासिक रही है। उन्होंने मेट्रो परियोजना को दक्षिण हरियाणा के लिए ऐतिहासिक सौगात बताते हुए कहा कि इससे रोजगार, निवेश और परिवहन के नए अवसर खुलेंगे।

कार्यक्रम में पार्षद रवि भगत, मंडल अध्यक्ष कुलदीप, कुसुम शर्मा, डॉ. तिलक, डॉ. पवन अरोड़ा, डॉ. जितेंद्र सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।