Narnol/Alive News: हरियाणा के नारनौल में स्कूल के बच्चों से भरी बस को अचानक बदमाशों ने बोलेरो गाड़ी अड़ाकर रोक लिया। बोलेरो में बैठे युवकों ने बस ड्राइवर को पिस्तौल दिखाकर धमकाया कि वह इस रूट पर बस न लेकर आए, वरना गंभीर अंजाम भुगतने होंगे। यह सुनकर बस में सवार करीब 20 बच्चे डर गए।
बदमाशों के भागने के बाद ड्राइवर ने तुरंत स्कूल प्रिंसिपल को घटना की जानकारी दी और बच्चों को सुरक्षित स्कूल पहुंचाया। मामले की शिकायत मिलने पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया और दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है।
प्रिंसिपल की शिकायत के मुख्य बिंदु
1. कई गांवों से बच्चों को लाती है बस
एमएलएस डीएवी स्कूल, कुलताजपुर रोड के प्रिंसिपल राजेश कुमार ने बताया कि स्कूल बस रूट नंबर 46 पर तोताहेड़ी, सिरोही बहाली, ढाणी बयावली, ढाणी भंडावली, मोहनपुर बाइपास और कालबा तक जाती है। 20 नवंबर को बस अपने नियमित रूट पर थी।
2. बिना नंबर प्लेट की बोलेरो ने बस रोकी
दोपहर में एक सफेद बोलेरो, जिसके शीशे काले पर्दों से ढके थे, अचानक बस के सामने आकर रुक गई। बोलेरो सवार युवकों ने ड्राइवर को पिस्तौल दिखाकर कहा कि इस रास्ते से बस चलाना बंद करें।
3. बच्चों में डर और अफरा-तफरी
धमकी के समय बस में छोटे बच्चे भी थे। घबराए हुए बच्चे रोने लगे और माहौल में डर फैल गया। बदमाश धमकी देकर वहां से भाग गए। ड्राइवर और कंडक्टर बच्चों को सुरक्षित स्थान पर ले गए और बाद में उन्हें घर भी छोड़ा।
4. सुरक्षा बढ़ाने की मांग
प्रिंसिपल ने कहा कि यह घटना बच्चों, स्टाफ और अभिभावकों की सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने पुलिस से रूट पर सुरक्षा बढ़ाने और बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने की मांग की है।
पुलिस आरोपियों की पहचान और घटना की वजह जानने में जुटी है।

