Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के पल्ला थाना क्षेत्र के रोशन नगर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। ससुरालियों ने बहू को जान से मारकर गली में गड्ढा खोदकर दफना दिया और पुलिस ने दो महीने बाद शव को निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए बादशाह खान अस्पताल में रखवा दिया है। मृतक महिला के परिवार की शिकायत पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
पुलिस प्रवक्ता से मिली जानकारी के अनुसार इस्माइलपुर के रोशन नगर सी-ब्लॉक निवासी अरुण सिंह ने 24 अप्रैल को विनय नगर चौकी में अपनी पत्नी की गुमशुदगी की शिकायत दी थी।थाना पल्ला पुलिस ने महिला की तलाश की लेकिन नही तलाश पाई।
पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि महिला के पिता को शक हुआ कि उनकी बेटी के साथ कुछ गलत हुआ है। इस आधार पर पुलिस ने छानबीन शुरु की और इस दौरान उन्हें यह पता चला कि ससुराल वालों ने खुद मिसिंग की कंप्लेंट लिखवाई और पुलिस को बताया की उनकी बहू घर से भाग गई है जबकि उन्होंने खुद महिला को जान से मारकर उसके शव को अपने घर के सामने गड्ढा खोदकर दबा दिया था।
पुलिस ने शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए अर्थमूवर मशीन की सहायता से शव को गड्ढे से बाहर निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।
मृतक महिला के फूफा स्वर सिंह ने बताया कि महिला की शादी को लगभग 3 साल ही हुए थे और उसके ससुराल वाले उससे पैसों की मांग करते थे। महिला के मायके वाले जब महिला के खाते में पैसे भेजते थे तो ससुराल वाले उसे छीन लेते थे।
उन्होंने यह भी बताया कि उनके पास 24 अप्रैल को बेटी के ससुराल से फोन आया था कि उनकी बेटी घर से भाग गई है, बाद में पुलिस की जांच से पता चला कि उनकी बेटी को उसके ससुराल वालों ने मारकर गली में गड्ढा खोदकर दबा दिया है।
पुलिस अधिकारी मामले की जांच में जुटे हुए हैं। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।

