May 18, 2024

हरियाणा में किसान तेजी से जला रहे पराली, चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज, 194 किसानों का किया चालान

Chandigarh/Alive News : हरियाणा में पिछले पांच दिनों में ही पराली जलाने के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की गई है। राज्य में अब तक 134 स्थानों पर पराली जलाने के मामले सामने आ चुके है। यह आंकड़ा काफी डराने वाला है। अब तक प्रदेश में कुल पराली जलाने के मामले बढ़कर 464 हो गए हैं। हरियाणा सरकार की ओर से पराली जलाने के मामलों में चार किसानों पर एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है, जबकि 194 के किसानों के चालान कर 4.70 लाख रुपये जुर्माना भी ठोका गया है।

आंकड़ों की माने तो प्रदेश में 14 अक्तूबर को 30, 15 को 36, 16 को 76 और 17 अक्तूबर को 86 स्थानों पर पराली जलाने की घटनाएं हुई। सोमवार को पराली जलाने के मामलों की कुल संख्या 330 थी। मंगलवार को 134 और स्थानो पर पराली जलाई गई। पराली जलाने वालों पर निगरानी के लिए हरियाणा अंतरिक्ष उपयोग केंद्र (हरसेक) सैटेलाइट के माध्यम से किसानों पर नजर रख रहा है।

पराली जलाने के फोटो के साथ किसानों की पहचान की जा रही है। सबसे अधिक कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल, अंबाला, यमुनानगर, फतेहाबाद में पराली जलाने के मामले सामने आ रहे हैं। जुर्माने की बात करें तो अंबाला जिले में किसानों पर 5 हजार, हिसार में 5 हजार, जींद 75 हजार, कैथल 57500, करनाल 1.25 लाख, कुरुक्षेत्र 1.92 लाख, यमुनानगर 22500, सोनीपत 2500 और पानीपत में 2500 रुपये जुर्माना किया गया है।