March 7, 2026

फतेहाबाद में महिला ने मेडिकल स्टोर संचालक की पिटाई की, बेटी से छेड़छाड़ का लगाया आरोप

Fatehabad/Alive News: हरियाणा के फतेहाबाद में एक महिला ने मेडिकल स्टोर संचालक की जमकर पिटाई कर दी। महिला ने संचालक को थप्पड़ मारे, लात मारी, चप्पल से पीटा और कुर्सी उठाकर मारने की कोशिश भी की। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

महिला का आरोप है कि उसने अपनी 10 साल की बेटी को पेट दर्द की दवा लेने मेडिकल स्टोर पर भेजा था। स्टोर संचालक ने बच्ची को इंजेक्शन लगाने की बात कही और इसी दौरान उसके साथ गलत हरकत की। घर लौटने पर बच्ची ने अपनी मां को पूरी बात बताई।

इसके बाद गुस्साई महिला मेडिकल स्टोर पर पहुंच गई और संचालक से सवाल किए। महिला का कहना है कि माफी मांगने की बजाय संचालक ने उसके साथ भी अभद्रता की, जिससे वह और भड़क गई। इसके बाद महिला ने मेडिकल स्टोर के अंदर ही उसकी पिटाई शुरू कर दी।

घटना के दौरान मेडिकल स्टोर संचालक और वहां मौजूद लोग बार-बार पुलिस बुलाने की बात कहते रहे, लेकिन महिला नहीं मानी। महिला ने कहा कि पहले वह उसे सबक सिखाएगी, उसके बाद ही पुलिस को बुलाएगी। महिला के हंगामे से आसपास के लोग जमा हो गए और उन्होंने बीच-बचाव कर दोनों को अलग किया।

वहीं मेडिकल स्टोर संचालक का कहना है कि अगर महिला को शक था तो वह खुद बच्ची के साथ आती। उसने पुलिस या किसी परिजन को बुलाने की बात भी कही, लेकिन इसके बावजूद महिला गाली-गलौज करती रही।

फिलहाल इस मामले में पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी गई है। फतेहाबाद पुलिस का कहना है कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। अगर शिकायत मिलती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।