Faridabad/Alive News: बांग्लादेश में हिंदू युवक दीपू चंद्र दास की नृशंस हत्या के विरोध में फरीदाबाद जिले में गो रक्षक बजरंग फोर्स ने जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बिट्टू बजरंगी उर्फ राजकुमार पांचाल के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने एसडीएम को प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में संगठन ने कहा कि बांग्लादेश में हुई यह घटना वहां रह रहे हिंदू समाज की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती है। साथ ही यह मानवाधिकारों का खुला उल्लंघन भी है। संगठन का कहना है कि इस तरह की घटनाओं से अल्पसंख्यक समुदाय में डर और असुरक्षा का माहौल बन रहा है।
बिट्टू बजरंगी ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है और हमेशा मानवता व न्याय की आवाज उठाता रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि वह कूटनीतिक स्तर पर बांग्लादेश सरकार से बातचीत कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित कराए।
ज्ञापन के माध्यम से गो रक्षक बजरंग फोर्स ने प्रमुख मांगें रखीं, जिनमें दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाना, पीड़ित परिवार को जल्द न्याय देना और बांग्लादेश में रह रहे हिंदू समाज व अन्य अल्पसंख्यकों की सुरक्षा के लिए ठोस और स्थायी व्यवस्था करना शामिल है।
संगठन ने प्रधानमंत्री से इस मामले में व्यक्तिगत हस्तक्षेप की अपील करते हुए कहा कि ऐसे कदम जरूरी हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके और अल्पसंख्यक समुदाय में सुरक्षा का विश्वास बहाल हो सके।

