March 8, 2026

फरीदाबाद में बसंत कुमार ने संभाला डीईईओ का पदभार, बोले– गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राथमिकता, बिना मान्यता वाले स्कूलों पर सख्ती

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद जिले में बसंत कुमार ने जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी (डीईईओ) के रूप में पदभार संभाल लिया है। पदभार ग्रहण करते ही उन्होंने साफ कहा कि जिले में बिना मान्यता के चल रहे स्कूलों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और शिक्षा निदेशालय के सभी आदेशों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा।

बसंत कुमार ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। सरकारी स्कूलों में शिक्षा के स्तर को और कैसे सुधारा जा सकता है, इस पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही विद्यार्थियों की पढ़ाई से जुड़ी सुविधाओं और शैक्षणिक माहौल को बेहतर बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्र हित ही विभाग का मुख्य उद्देश्य है और हर फैसला विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखकर लिया जाएगा।

जल्द होगा सरकारी स्कूलों का निरीक्षण
डीईईओ ने बताया कि अच्छा और सकारात्मक वातावरण विद्यार्थियों के मनोबल को बढ़ाता है। फिलहाल उन्होंने जिले का चार्ज संभाला है और जल्द ही फरीदाबाद के सरकारी स्कूलों का निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान स्कूलों में मौजूद कमियों, संसाधनों की स्थिति और पढ़ाई की व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी। कमियां पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और शिक्षकों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।

छात्रों के सर्वांगीण विकास पर जोर
बसंत कुमार ने कहा कि उनकी प्राथमिकता विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर रहेगी। पढ़ाई के साथ-साथ बच्चों को सामाजिक मूल्यों, नैतिक शिक्षा, अनुशासन और सही-गलत की समझ भी दी जाएगी। इस दिशा में शिक्षकों को भी स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए जाएंगे, ताकि वे पढ़ाई के साथ विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण पर भी काम कर सकें।

बिना मान्यता वाले स्कूलों पर होगी एफआईआर
उन्होंने दोहराया कि यदि जिले में कोई भी स्कूल बिना मान्यता के संचालित पाया गया, तो उसे किसी भी हालत में चलने नहीं दिया जाएगा। ऐसे स्कूलों के खिलाफ विभाग द्वारा FIR दर्ज कराई जाएगी और नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।