Faridabad/Alive News: रोहतक में आयोजित आईएमए हरियाणा क्रिकेट लीग के फाइनल मुकाबले में फरीदाबाद टाइगर्स ने हिसार हल्क्स को बेहद रोमांचक मैच में मात्र एक रन से हरा दिया। मुकाबला आखिरी गेंद तक चला और दर्शकों की सांसें थमी रहीं।
डॉ निखिल सचदेवा की कप्तानी में पहले बल्लेबाजी करते हुए फरीदाबाद टाइगर्स ने 20 ओवर में 158 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी हिसार हल्क्स की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 20 ओवर में 157 रन बनाए, लेकिन जीत से एक रन दूर रह गई।
मैच का सबसे रोमांचक पल आखिरी ओवर रहा, जब हिसार टीम को जीत के लिए छह रन चाहिए थे। इस निर्णायक ओवर में कप्तान डॉ निखिल सचदेवा ने खुद गेंदबाजी की और टीम को यादगार जीत दिलाई।
डॉ आकाश को 68 रन बनाने और दो विकेट लेने के शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया, जबकि डॉ बालियान को बेस्ट बॉलर का पुरस्कार मिला।
हरियाणा आईएमए के आउटगोइंग प्रधान डॉ एम.पी. जैन और इनकमिंग प्रधान डॉ सुनीला सोनी ने विजेता टीम को डॉ अनिल हंस ट्रॉफी प्रदान की। सिरसा के डॉ आशीष खुराना ने खेलों के सफल आयोजन की सराहना की।
इस अवसर पर पूर्व आईएमए हरियाणा प्रधान डॉ अजय महाजन, डॉ पुनीता हसीजा, संरक्षक डॉ बेनीवाल, डॉ पुनिया और पूर्व सचिव डॉ सोनी ने फरीदाबाद टाइगर्स को जीत की बधाई दी और रोहतक आईएमए का धन्यवाद किया।
फरीदाबाद आईएमए के प्रधान डॉ राजीव गुंबर, सचिव डॉ अनुज ढींगरा, डॉ ललित हसीजा, डॉ सुरेश अरोड़ा, डॉ प्रदीप गर्ग सहित सभी सदस्यों ने टीम की इस शानदार जीत पर हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

