March 7, 2026

पृथला की अनदेखी बर्दाश्त नहीं, हर मंच पर आवाज उठाऊंगा : रघुबीर तेवतिया

Palwal/Alive News : पृथला के कांग्रेस विधायक चौधरी रघुबीर तेवतिया ने बृहस्पतिवार को पलवल जिला सचिवालय में हुई जिला ग्रीवेंस कमेटी की बैठक में भाग लिया और पृथला क्षेत्र की समस्याओं को खुलकर उठाया। उन्होंने हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के सामने क्षेत्र की जर्जर सड़कों, जलभराव और विकास की अनदेखी जैसे मुद्दों को जोरदार तरीके से रखा।

विधायक ने कहा कि पृथला विधानसभा क्षेत्र के साथ लगातार सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्होंने पहले भी कई बार ये मुद्दे ग्रीवेंस बैठक में उठाए, लेकिन अधिकारी कोई कार्रवाई नहीं करते। उन्होंने अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि चाहे वह विपक्ष में हैं, लेकिन अधिकारियों के प्रोटोकॉल का पालन करना होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि वह हरियाणा विधानसभा की प्रोटोकॉल अनुशासन कमेटी के सदस्य भी हैं और जरूरत पड़ी तो अधिकारियों को विधानसभा में तलब कर सकते हैं।

बैठक में उन्होंने अलावलपुर में बनने वाली सड़क के दोनों ओर 2 किलोमीटर तक नालियों के निर्माण की मांग की, जिस पर अधिकारियों ने इस्टीमेट बनाने का आश्वासन दिया। साथ ही उन्होंने नयागांव-जनौली, मांदकौल-देवली, बघौला-देवली, मांदकौल-कटेसरा, हरफली-सहराला, अलावलपुर-चिरवाड़ी, मांदकौल-ककड़ीपुर, दूधौला-सिकंदरपुर लिंक रोड, और पृथला से दूधौला तक की सड़कों की जर्जर हालत का मुद्दा भी उठाया।

विधायक ने बताया कि कई जगहों पर सड़कों में गहरे गड्ढे हैं, सीवर के ढक्कन खुले हुए हैं और कई जगह जलभराव की समस्या है। उन्होंने केजीपी अंडरपास (कटेसरा) और असावटी रेलवे अंडरपास में भरे पानी का मुद्दा भी उठाया, जिससे स्कूली बच्चों को आने-जाने में परेशानी होती है।

इसके अलावा, पलवल शहर के मंडी चौक (अलावलपुर रोड) पर अवैध कब्जे और बघौला में नेशनल हाईवे पर बन रहे पुल के धीमे निर्माण कार्य का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया।

विधायक ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि सरकार “सबका साथ, सबका विकास” की बात करती है लेकिन पृथला क्षेत्र विकास से कोसों दूर है। उन्होंने कहा कि वह जनता के हक की आवाज को विधानसभा से लेकर हर मंच पर उठाते रहेंगे।