May 18, 2024

चरित्र पर संदेह होने पर पति ने की पत्नी की हत्या, मामला दर्ज

Chandigarh/Alive News : सोनीपत के मयूर विहार में रहने वाले व्यक्ति ने चरित्र पर संदेह के चलते पत्नी की हत्या कर दी और शव को मेरठ ले जाकर गंगनहर में फेंक दिया था। वारदात के बाद डेढ़ साल के बेटे को अपनी बहन के पास छोड़कर वह खुद गायब हो गया था। मृतका की बहन ने 28 अगस्त को बहन-बहनोई और उनके बच्चे के अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस जांच में व्यक्ति सीसीटीवी में बाइक के पीछे छोटी ट्रॉली लेकर जाता दिखा तो पुलिस ने उसका पता लगा लिया। पुलिस ने आरोपी को सात दिन के रिमांड पर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार गांव जौली की रहने वाली बबीता ने 28 अगस्त को पुलिस को बताया था कि उसकी बहन ललिता (35) व बहनोई बलराज (45) डेढ़ साल के बच्चे तनिष्क के साथ मयूर विहार में रह रहे थे। बलराज और ललिता की शादी दो साल पहले हुई थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। मकान मालिक के सीसीटीवी में बलराज रात 12 बजे बाइक पर बाहर जाता दिखाई दिया। उसने बाइक पर पीछे ट्राली लगाकर उसमें कुछ रख रखा था। लौटने पर और फिर अपने बेटे को लेकर बाहर निकलता दिखा।

तीनों फुटेज में कहीं पर ललिता नहीं दिखी थी। जांच में पता चला कि उनमें आए दिन झगड़ा होता था। बलराज को ललिता के चरित्र पर शक था, इसके चलते वह मारपीट करता था। यह भी पता चला कि बलराज ने बेटे तनिष्क को पांची गांव में चचेरी बहन के पास छोड़ दिया है। उसने बहन को बताया था कि ललिता बीमार है। इससे पुलिस को बलराज पर शक हुआ और उसकी तलाश में जुट गई। बलराज सेना से सेवानिवृत था।