Faridabad/Alive News: दहेज हत्या के एक मामले में अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने आरोपी पति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विशाल रावत निवासी बहीन, जिला पलवल (हाल निवासी त्रिखा कॉलोनी, फरीदाबाद) के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, मृतका आरती के पिता यशपाल निवासी अन्दुआ पट्टी, होडल ने शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी की शादी वर्ष 2024 में विशाल रावत के साथ हुई थी। 10 फरवरी की सुबह उन्हें सूचना मिली कि उनकी बेटी आरती की मौत हो गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया कि विशाल दहेज की मांग को लेकर आरती के साथ मारपीट करता था, जिससे वह काफी परेशान रहती थी।
शिकायत के आधार पर थाना शहर बल्लभगढ़ में दहेज हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि 9 फरवरी को आरोपी ने अपनी पत्नी आरती के साथ मारपीट की। इसके बाद रात में तकिये से उसका मुंह दबाकर हत्या कर दी। हत्या को आत्महत्या दिखाने के लिए आरोपी ने शव को फंदे से लटका दिया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से आगे की पूछताछ के लिए उसे 1 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।

