Faridabad/Alive News: डीएवी शताब्दी महाविद्यालय द्वारा एनआईटी-3 स्थित हनुमान मंदिर में महर्षि दयानंद सरस्वती की 202वीं जयंती के अवसर पर 100 कुंडीय हवन महायज्ञ एवं नशा मुक्ति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन चार चरणों में होने वाली यज्ञ श्रृंखला का द्वितीय चरण रहा, जिसका उद्देश्य नशा मुक्ति, सामाजिक एकता, पर्यावरण संरक्षण एवं आध्यात्मिक शुद्धि को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम के तहत महाविद्यालय से मंदिर तक जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें विद्यार्थियों व स्टाफ ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। मंदिर प्रांगण में ‘नो नशा नेशन’ थीम पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया और उपस्थित लोगों को नशा न करने की शपथ दिलाई गई।
मुख्य अतिथि मंदिर प्रधान अजय गुप्ता, कीर्तन मंडली प्रधान नीलम एवं गायक पवन लाड़ला रहे। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन संपन्न हुआ। अतिथियों ने युवाओं से नशा मुक्त समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के संरक्षक कार्यकारी प्राचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार रहे। आयोजन में डॉ. अर्चना सिंघल, डॉ. ललिता ढींगरा, डॉ. योगेश शर्मा, तनुजा गर्ग सहित अन्य सदस्यों का विशेष सहयोग रहा। अंत में अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया।

