March 8, 2026

ह्यूमैन लीगल ऐड एंड क्राइम कंट्रोल संस्था ने मनाया दिवाली मिलन, कैंसर जागरूकता पर दिया संदेश

Faridabad/Alive News: ह्यूमैन लीगल ऐड एंड क्राइम कंट्रोल संस्था ने सेक्टर-16 स्थित मेट्रो हॉस्पिटल कैंसर इंस्टीट्यूट में दिवाली मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया। इस मौके पर संस्था के कार्यकर्ताओं और सदस्यों ने मिलकर दीपावली का उत्सव मनाया। कार्यक्रम में महिलाओं ने सुंदर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।

मुख्य अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी बीरेन्द्र सिंह ने संस्था को दिवाली की शुभकामनाएं दीं और कहा कि आज के समय में प्लास्टिक में पैक खाने की चीज़ों से कैंसर फैलने का खतरा बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि समाज के एनजीओ को इस विषय पर लोगों को जागरूक करना चाहिए। उन्होंने संस्था की इस पहल की सराहना की कि दिवाली जैसे अवसर पर कैंसर जागरूकता का संदेश दिया गया। अस्पताल की ओर से डॉ. नागपाल ने महिलाओं को ब्रेस्ट कैंसर से बचाव और सावधानियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ब्रेस्ट कैंसर के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है, इसलिए समय पर जांच और जागरूकता बेहद जरूरी है।

कार्यक्रम में दिल्ली के प्रसिद्ध गायक कुमार दीपक ने पुराने फिल्मी गीतों से माहौल को सुरमय बना दिया। उन्होंने “राम आयेंगे” गीत गाकर श्रद्धा और भक्ति का वातावरण तैयार कर दिया। इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता राजेश खटाना ने संस्था की पहल की सराहना करते हुए महिलाओं को लीगल ऐड से जुड़ी उपयोगी जानकारियां दीं।

कार्यक्रम के अंत में संस्था की राष्ट्रीय महासचिव राधिका बहल ने सभी अतिथियों और सदस्यों का धन्यवाद किया और दीपावली की शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुराग शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलन कर सभी को बधाई दी और मिलजुलकर त्योहार मनाने का संदेश दिया।