May 2, 2024

होटल लिवाना में लगी भीषण आग, दो लोगों की मौत, कई फंसे

Lucknow/Alive News : उत्तर प्रदेश के लखनऊ के होटल लिवाना में सोमवार सुबह भीषण आग लग गई। फायर ब्रिगेड की कई गाड़िया मौके पर आग पर काबू पाने में जुटी हैं। मिली जानकारी के अनुसार धुएं के बीच कई लोग कमरे में फंसे हैं। दम घुटने से कई लोग बेहोश हो गए हैं। जबकि दो लोगों की मौत हो गई है। कई की हालत गंभीर बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार सोमवार की सुबह करीब साढ़े सात बजे सुल्तानगंज इलाके में स्थित लिवाना होटल में भीषण आग लगी है। आग में झुलसे लोगों को सिविल अस्पताल भेजा गया है। अभी तक होटल के अंदर से 20 से ज्यादा लोगों को निकाला गया है। कुछ लोगों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि धुएं में दम घुटने से कई लोग बेहोश हो गए हैं। उन्हें सिविल अस्पताल ले जाया गया है। दमकल कर्मी भी बेहोश हो गए है। अब तक करीब 20 लोगों को अस्पताल ले जाया गया है। दो लोगों ने दम तोड़ दिया है। मौके पर 15 गाड़िया पहुंच चुकी हैं। तीसरी मंजिल की आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है। मौके पर करीब छह एम्बुलेंस और पहुंच गई हैं। रास्ते को बंद कर दिया गया है।

आग पर काबू पाने के लिए बुलडोजर से दीवार तोड़ी जा रही है। जिलाधिकारी सूर्यपाल गंगवार ने बताया कि होटल में कुल 30 कमरे हैं, इनमें से 18 कमरों में लोग थे। 30 से 35 लोग कमरों में मौजूद थे।