March 8, 2026

फरीदाबाद में 1.68 लाख परीक्षार्थी देंगे सीईटी की परीक्षा, ट्रैफिक के पुख्ता इंतजाम

Faridabad/Alive News : हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) द्वारा आयोजित ग्रुप-सी सीईटी परीक्षा 26 और 27 जुलाई को फरीदाबाद के विभिन्न स्कूल-कॉलेजों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा में करीब 1.68 लाख परीक्षार्थी शामिल होंगे। इतनी बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों के पहुंचने से शहर की प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक दबाव बढ़ने की संभावना है। इसको देखते हुए फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस ने व्यापक तैयारियां की हैं।

एसीपी ट्रैफिक शलेंद्र सिंह ने बताया कि डीसीपी ट्रैफिक जयवीर राठी के निर्देश पर ट्रैफिक पुलिस कर्मियों की मीटिंग लेकर विशेष निर्देश दिए गए हैं। सभी मुख्य चौक-चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस बल तैनात रहेगा, जिससे परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी ना हो और कहीं भी जाम की स्थिति ना बने।

सीईटी परीक्षा का शेड्यूल और ट्रैफिक का अनुमानित दबाव:

पहली शिफ्ट: सुबह 7:00 बजे से 10:00 बजे तक

दूसरी शिफ्ट: दोपहर 12:00 बजे से 3:00 बजे तक

परीक्षा समाप्ति के बाद: शाम 5:00 से 6:30 बजे तक सड़कों पर सबसे अधिक ट्रैफिक का दबाव रहेगा।

ट्रैफिक पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि इन समयों के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें।

ट्रैफिक पुलिस ने जाम संभावित क्षेत्रों की जानकारी दी है। नहरपार क्षेत्र (सेक्टर 75, डीपीएस चौक, अमोलिक चौक, पल्ला रोड) में 24 परीक्षा केंद्र हैं, जहां बीपीटीपी चौक, अमोलिक हाइट्स और सेक्टर 86 की ओर जाने वाले मार्गों पर जाम की आशंका है।

एनआईटी और दशहरा ग्राउंड क्षेत्र में 48 परीक्षा केंद्र हैं। अजरोंडा से नीलम फ्लाईओवर, बीके हॉस्पिटल रोड, सेक्टर 28 से मैगपाई क्रॉसिंग तक यातायात प्रभावित हो सकता है।

सूरजकुंड क्षेत्र (इबीज़ा टाउन, लेकवुड सिटी, चार्मवुड क्रॉसिंग) में 13 परीक्षा केंद्र हैं। सूरजकुंड रोड और आसपास के मार्गों पर दबाव बढ़ सकता है।

बल्लभगढ़ क्षेत्र में 41 परीक्षा केंद्र हैं, जहां बस स्टैंड से तिगांव रोड, जेसी बोस कैंपस रोड और एनएच-19 पर जाम की संभावना है। प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय पर निकलने और ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।

ट्रैफिक पुलिस की अपील परीक्षार्थी समय से पहले घर से निकलें। आम नागरिक सुबह 7-10 बजे, दोपहर 12-3 बजे और शाम 5-6:30 बजे तक अनावश्यक यात्रा न करें।

प्रमुख क्षेत्रों जैसे डीपीएस चौक, अमोलिक चौक,पुराना पल्ला रोड, बीके चौक, दशहरा ग्राउंड, सूरजकुंड रोड और बल्लभगढ़ बस स्टैंड पर ट्रैफिक का विशेष ध्यान रखें।

फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस सीईटी परीक्षा के दौरान शहर में यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए पूरी तरह तैयार है।