March 8, 2026

घर में चोरी का मामला: अपराध शाखा AVTS-2 ने आरोपी को किया गिरफ्तार, दो दिन के रिमांड पर पूछताछ जारी

Faridabad/Alive News: पुलिस उपायुक्त अपराध मुकेश कुमार के निर्देशन में फरीदाबाद पुलिस लगातार चोरों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के तहत अपराध शाखा AVTS-2 की टीम ने घर में हुई चोरी के एक मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, हनुमान नगर, खेड़ी कला निवासी यशपाल ने पुलिस को शिकायत दी थी कि 16 नवंबर की रात कोई अज्ञात व्यक्ति उसके घर से आभूषण, मोबाइल फोन और अन्य सामान चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर थाना खेड़ीपुल में चोरी का केस दर्ज किया गया।

जांच के दौरान, अपराध शाखा AVTS-2 की टीम ने गुप्त सूचना पर मोहित (30), निवासी मुरसाना, बुलंदशहर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि मोहित का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से मौजूद है और उसके खिलाफ चोरी व शस्त्र अधिनियम के 5 मामले दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, 16 नवंबर की रात आरोपी मौके का फायदा उठाकर शिकायतकर्ता के घर में घुसा और आभूषण व फोन चोरी कर ले गया। आरोपी मार्च 2025 में ही जेल से बाहर आया था।

फिलहाल आरोपी को दो दिन के रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ जारी है।