May 11, 2024

एकाएक पानीपत पहुंचे गृहमंत्री अनिल विज, पुलिसकर्मी और डाक्टर अलर्ट

Chandigarh/Alive News: प्रदेश के गृह मंत्री अनिल विज सोमवार शाम को एकाएक पानीपत पहुंचे। माडल टाउन में निर्यातक चंदन विज के घर पहुंचे। यहां पर पुराने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। चंदन विज के परिवार के अलावा, शहर के विधायक प्रमोद विज ने भी उनका स्वागत किया। यहां उन्होंने दशहरा कमेटी, बरसत रोड की टीम का सम्मान किया।

अनिल विज यहां से इंसार बाजार में भाजपा नेता डा.मनोहरलाल सुनेजा के निवास पर पहुंचे। यहां उन्होंने अपने बचपन के किस्से सुनाए। बोले कि पानीपत में उनके मामा रहते थे। बैंक में मैनेजर थे। इंसार बाजार में ही वह पतंग लेने आते। यहीं पर तांगे पर बैठकर रेस्ट हाउस जाते। तब उन्हें नहीं पता था कि एक दिन वह राजनीति में जाएंगे।

इससे पहले माडल टाउन में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने कोरोना संक्रमण को हराने में जनता के सहयोग से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। हमारे अस्पतालों में आज भी एक लाख रेमडेसिविर के इंजेक्शन हैं। कोरोना की दूसरी लहर के वक्त पानीपत में गुरु तेग बहादुर अस्थायी कोविड अस्पताल बनाया। तब कहा जा रहा था कि रोजाना हजारों मरीज भर्ती होंगे। पर ऐसा नहीं हुआ। फिर भी प्रदेश सरकार ने अपनी तरफ से उचित इंतजाम किए।

अनिल विज पानीपत के पुराने कार्यकर्ताओं को भूलते नहीं हैं। मौका मिलने पर मिलते हैं। कभी रेस्ट हाउस में बुला लेते हैं तो कभी उनके घर पहुंच जाते हैं। डा.मनोहरलाल सुनेजा इन दिनों अस्वस्थ चल रहे हैं। उन्होंने वर्ष 2000 में भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था। हालांकि जीत नहीं सके लेकिन संगठन को मजबूत करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

अलर्ट रहे पुलिसकर्मी और डाक्टर
अनिल विज का एक लोकप्रिय नाम है गब्बर सिंह। प्रशासन को जब पता चला कि अनिल विज पानीपत में हैं तो अफसर अलर्ट हो गए। खासकर पुलिसकर्मी और डाक्टर। क्योंकि दोनों ही महकमे उनके पास हैं। पुलिस थाने और अस्पताल में एकाएक निरीक्षण करने पहुंच जाते हैं। सिविल अस्पताल के डाक्टर एक-दूसरे को फोन करके विज के बारे में पूछते रहे। वहीं, पुलिसकर्मी भी सतर्क थे कि कहीं विज थाने में न पहुंच जाएं। पुराने कागज इधर-उधर किए गए। थानों में सफाई शुरू करा दी गई।