May 5, 2024

हॉकी महाभारत में उतरेंगी 4 अंतर्राष्ट्रीय टीमें : गुरविन्द्र

Kurukshetra/Alive News : हाकी कुरुक्षेत्र के सचिव एवं हाकी कोच गुरविन्द्र सिंह ने कहा कि कुरुक्षेत्र की धरा में पहली बार 4 अंतर्राष्ट्रीय खिलाडिय़ों के नेतृत्व में गठित टीमों को लेकर हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा हैं। यह पहली चंद्रपाल संधू मैमोरियल हाकी प्रतियोगिता 7 अगस्त को द्रोणाचार्य स्टेडियम में शुुरु होगी। इस प्रतियोगिता में 4 टीमें भाग लेंगी। वे वीरवार को द्रोणाचार्य स्टेडियम में प्रथम चंद्रपाल मैमोरियल हॉकी प्रतियोगिता के लिए अभ्यास कर रही टीमों को दिशा-निर्देश दे रहे थे।

उन्होंने बताया कि कुरुक्षेत्र द्रोणाचार्य स्टेडियम की मिट्टी में खेले और बड़े हुए खिलाड़ी जो आज भारतीय हॉकी टीम की शान बढ़ा रहे हैं, उन खिलाडिय़ों को फिर से द्रोणाचार्य स्टेडियम में खेलने के लिए आमंत्रित किया गया हैं। इससे न केवल युवा खिलाडिय़ों को प्रेरणा मिलेगी, वहीं हाकी की नई तकनीकी से रुबरु होने का मौका भी मिलेगा। इन खिलाडिय़ों को मंच उपलब्ध करवाने के लिए हॉकी कुरुक्षेत्र के प्रधान विकासदीप संधू ने आयोजन की जिम्मेवारी ली है।

उन्होंने बताया कि यह प्रतियोगिता भी हाकी कुरुक्षेत्र के प्रधान विकासदीप संधू के पिता चंद्रपाल संधू की याद में हाकी प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा हैं। उन्होंने बताया कि 7 अगस्त से शुरु होने वाली हॉकी प्रतियोगिता में ओलम्पियन सुरेन्द्र पालड़ के नेतृत्व में पालड़ फायटर्स टीम, भारतीय जूनियर हाकी टीम के सदस्य मनप्रीत सिंह के नेतृत्व में मनप्रीत वारियर्स, अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी लक्की के नेतृत्व में लक्की लांयस और हाकी खिलाडी़ नरेन्द्र काला के नेतृत्व में काला किंगस की टीमें भाग लेंगी।

इस प्रतियोगिता का उदघाटन हाकी कुरुक्षेत्र के प्रधान विकासदीप संधू 7 अगस्त को द्रोणाचार्य स्टेडियम में सायं 5 बजकर 30 मिनट पर करेंगे। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं और इस प्रतियोगिता के संगठन सचिव की जिम्मेवारी हाकी कोच शिव कुमार सैनी को सौंपी गई हैं।