May 19, 2024

हिसार : फैक्टरी में हुआ बड़ा हादसा, केमिकल से भरा ड्रम फटने से एक की मौत

Chandigarh/Alive News : हिसार के सेक्टर 9-11 के पास स्थित औद्योगिक एरिया में शुक्रवार की सुबह करीब पांच बजे केमिकल से भरे ड्रम उतारते समय ड्रम गिर कर फट गया और केमिकल मजदूरों पर बिखर गया। गैस में दम घुटने और केमिकल से जलने से एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार औद्योगिक क्षेत्र में प्लांट नंबर 6 में रंग पेंट बनाने की एक फैक्टरी है जिसमें केमिकल लाया जाता है। फैक्टरी में शुक्रवार सुबह मजदूर ट्रक से केमिकल के ड्रम उतार रहे थे। इस दौरान ही प्लास्टिक का एक ड्रम फट गया। जिस कारण मजदूर केमिकल की चपेट में आ गए। मजदूरी का काम कर रहे सातरोड निवासी 38 वर्षीय अनरजीत की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मौके पर पहुंची अर्बन इस्टेट थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।