हरियाणा पर्यटन निगम द्वारा 30 मई को सूरजकुंड और बल्लभगढ़ सहित प्रदेश के 7 स्थलों पर ‘हेरिटेज एंड सिटी वॉक 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। युवाओं को विरासत से जोड़ने की इस मुहिम में ₹500 के शुल्क के साथ क्यूआर कोड या मौके पर रजिस्ट्रेशन कराया जा सकता है।
Faridabad/Alive News : विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा के नेतृत्व में हरियाणा पर्यटन निगम आमजन, विशेषकर युवा पीढ़ी को अपनी समृद्ध विरासत से जोड़ने के लिए ‘हेरिटेज एंड सिटी वॉक’ का आयोजन करने जा रहा है। आगामी 30 मई, शनिवार को सुबह 6 बजे से 8 बजे तक प्रदेश के 7 प्रमुख ऐतिहासिक स्थलों पर इसका आयोजन होगा।
फरीदाबाद जिले में इसके तहत दो प्रमुख रूट तय किए गए हैं। पहला रूट सूरजकुंड जलाशय से असोला-भाटी वन्यजीव अभयारण्य तक और दूसरा बल्लभगढ़ में राजा नाहर सिंह महल से रानी की छतरी तक होगा।
हरियाणा पर्यटन निगम के एजीएम हरविंदर यादव ने चंडीगढ़ में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि इस बार यह दूसरी ‘हेरिटेज एंड सिटी वॉक 2026’ आयोजित की जा रही है। इसका मुख्य उद्देश्य प्रदेशवासियों, युवाओं, विद्यार्थियों और महिलाओं को हरियाणा की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत से रूबरू कराना है। पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा द्वारा इसका आधिकारिक पोस्टर पहले ही लॉन्च किया जा चुका है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार हरियाणा की सांस्कृतिक धरोहरों को सहेजने और उन्हें पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए बेहद गंभीर है। प्रदेश के ऐतिहासिक और पर्यटन स्थलों के सौंदर्यीकरण और संरक्षण के लिए 100 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च की जा रही है।
रजिस्ट्रेशन फीस और मिलने वाली सुविधाएं
- शुल्क: ₹500 प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है।
- सुविधाएं: सभी प्रतिभागियों को पानी, चाय, कॉफी, कैप (टोपी) और रिफ्रेशमेंट (अल्पाहार) दिया जाएगा।
- गाइड: हर रूट पर एक हेरिटेज गाइड मौजूद रहेगा जो इतिहास और महत्व की विस्तार से जानकारी देगा।
QR कोड और वेबसाइट से कराएं रजिस्ट्रेशन
इस वॉक में शामिल होने के लिए प्रतिभागी क्यूआर कोड (QR Code) या पर्यटन विभाग की वेबसाइट के माध्यम से अपना एडवांस रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। इसके अलावा जो लोग ऑनलाइन नहीं कर पा रहे हैं, उनके लिए मौके (On the Spot) पर भी पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

