September 2, 2026

तीन दिन और सताएगी गर्मी, फिर बूंदाबांदी से मिलेगी राहत

Noida/Alive News: जिले में आसमान साफ रहने और हवाओं की रफ्तार कम होने से गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। तेज धूप के कारण दिनभर चिपचिपी गर्मी का एहसास हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा, जबकि इसके बाद मौसम में बदलाव के संकेत हैं। सोमवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोपहर के समय तेज धूप और उमस के कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शहर के एक्यूआई की बात करें तो वह अभी मध्यम श्रेणी में है।

मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं बुधवार और गुरुवार को तापमान 43 से 28  डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इसके बाद 12 जून से 14 जून तक तापमान 42 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। इस दौरान आसमान में हल्के बादल छाने और कहीं-कहीं बूंदाबांदी होने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।

वहीं केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के हालिया आंकड़ों के अनुसार नोएडा का वायु गुणवत्ता सूचकांक 134 और ग्रेटर नोएडा का एक्यूआई 178 दर्ज किया गया है। दोनों शहरों की वायु गुणवत्ता फिलहाल मध्यम श्रेणी (येलो जोन) में बनी हुई है।

जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. अशोक कुमार झा ने बताया कि लगातार बदलते मौसम का असर लोगों के स्वास्थ्य पर दिखाई दे रहा है। अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ रही है, जिसमें बच्चों की संख्या अधिक है। प्रतिदिन 50 से अधिक बच्चे दस्त, उल्टी, त्वचा संबंधी समस्याओं, चक्कर आने और गर्मी से जुड़ी अन्य शिकायतों के साथ अस्पताल पहुंच रहे हैं।

ये सावधानियां बरतें

उन्होंने लोगों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच धूप में निकलने से बचने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि बच्चों को भी इस दौरान बाहर खेलने से रोकें। पर्याप्त मात्रा में पानी, जूस और ओआरएस का सेवन करें तथा शरीर को हाइड्रेट रखें। गर्मी और उमस के मौसम में लापरवाही स्वास्थ्य पर भारी पड़ सकती है।