Faridabad/Alive News: सेक्टर-30 अर्बन हेल्थ सेंटर में ‘स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार’ कार्यक्रम आयोजितभारत सरकार में केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि महिलाओं का स्वास्थ्य और सशक्तिकरण हमारे परिवारों, समुदायों और समग्र राष्ट्र की प्रगति के लिए अत्यंत आवश्यक है ताकि विकसित भारत@2047 के विजन को साकार किया जा सके। यह बात केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने ‘स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार अभियान’ के तहत आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि के रूप में शिरकत देते हुए कही।
कार्यक्रम की शुरुआत पौधरोपण से हुई, जिसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इसके उपरांत केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने अर्बन हेल्थ सेंटर का दौरा कर वहां आयोजित महिलाओं के स्वास्थ्य जांच शिविर का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और शिविर में दी जा रही सुविधाओं की विस्तार से जानकारी ली तथा महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि 17 सितम्बर, जो देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिवस है, से लेकर 2 अक्टूबर, महात्मा गांधी के जन्मदिवस तक पूरे देश में सेवा पखवाड़ा का आयोजन किया जा रहा है। इस अवधि के दौरान देशभर में स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, दिव्यांग सशक्तिकरण कार्यक्रम और विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता से संबंधित गतिविधियां निरंतर आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सेवा पखवाड़ा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज को नई ऊर्जा देने और नागरिकों में सेवा की भावना जगाने का एक सशक्त माध्यम है। इसी क्रम में आज सेक्टर-30 स्थित अर्बन हेल्थ सेंटर में स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
मंत्री गुर्जर ने अपने संबोधन में कहा कि परिवार का संपूर्ण दायित्व महिला पर आधारित होता है। वही बच्चों को शिक्षित करती है, उन्हें अच्छे संस्कार देती है और घर-परिवार को मजबूत नींव प्रदान करती है। इसलिए महिलाओं का स्वस्थ रहना न केवल व्यक्तिगत जीवन के लिए, बल्कि पूरे समाज और राष्ट्र की प्रगति के लिए आवश्यक है। यदि महिलाएं सशक्त होंगी तो परिवार मजबूत होगा, यदि परिवार मजबूत होगा तो समुदाय सशक्त होगा और जब समुदाय सशक्त होगा तो पूरा राष्ट्र विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
उन्होंने आगे कहा कि विकसित भारत@2047 के विजन को साकार करने के लिए महिलाओं के स्वास्थ्य और सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी होगी। स्वस्थ और आत्मनिर्भर महिलाएं ही समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकती हैं और राष्ट्र की प्रगति की गति को और अधिक सशक्त बना सकती हैं।
कार्यक्रम के अंतर्गत टीबी मरीजों को पोषण किट प्रदान की गई, ताकि उनके उपचार के साथ-साथ पोषण संबंधी आवश्यकताओं की भी पूर्ति हो सके। वहीं महिलाओं के स्वास्थ्य संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए उन्हें आयुष्मान भारत योजना के तहत 5 लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार हेतु आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। इस पहल का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ और प्रभावी बनाना है।
इस अवसर पर अर्बन हेल्थ सेंटर के अधिकारी सहित अन्य कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

