Faridabad/Alive News: नगर निगम सभागार में हरियाणा बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारी संघ की जिला इकाई की बैठक आयोजित हुई। बैठक में राज्य प्रधान शर्मिला, वरिष्ठ उप प्रधान सुदेश और प्रांतीय कैशियर धर्मवीर सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में कर्मचारियों ने जियो फेसिंग आधारित हाजिरी सिस्टम का विरोध किया। उनका कहना था कि बिना जरूरी साधन और उपकरण दिए इस सिस्टम को लागू करना उचित नहीं है। संघ ने एनएचएम कर्मचारियों को नियमित कर्मचारियों की तरह वर्दी भत्ता, यात्रा भत्ता और समान काम समान वेतन देने की मांग रखी। साथ ही सेवा निवृत्ति पर ग्रैच्युटी देने, स्वास्थ्य कर्मचारियों व सुपरवाइजरों को प्रमोशन देने, नए पद सृजित करने और रिक्त पदों को भरने की बात कही गई।
राज्य प्रधान शर्मिला ने घोषणा की कि कर्मचारी इस अधूरे जियो फेसिंग सिस्टम का बहिष्कार करेंगे। पूर्व राज्य प्रधान आशा शर्मा ने कहा कि अगर सरकार इसे लागू करना चाहती है तो कर्मचारियों को स्मार्टफोन, लैपटॉप, वाई-फाई और अनलिमिटेड डाटा जैसी सुविधाएं देनी होंगी। जिला चेयरमैन जितेंद्र मोर ने इस सिस्टम को अव्यवहारिक और सरकार पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने वाला बताया।
बैठक की अध्यक्षता जिला प्रधान सविता देवी ने की और संचालन जिला सचिव श्याम वीर सिंह ने किया। इस दौरान संघ के अन्य पदाधिकारियों ने भी अपने विचार रखे और कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान पर जोर दिया।

