March 8, 2026

पत्रकारों के लिए गुरुद्वारा बंगला साहिब में स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित

Delhi/Alive News: वर्किंग जॉर्नलिस्ट ऑफ इंडिया (डब्ल्यूजेआई) ने दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (डीएसजीएमसी) के सहयोग से गुरुद्वारा बंगला साहिब में पत्रकारों और उनके परिवारों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया। इसमें दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पत्रकार और उनके परिजन पहुंचे और विभिन्न स्वास्थ्य जांच करवाई।

शिविर में जनरल फिजिशियन, हृदय रोग विशेषज्ञ, दंत चिकित्सक, फिजियोथेरेपिस्ट समेत कई अनुभवी डॉक्टरों ने सेवाएं दीं। ब्लड टेस्ट, एक्स-रे, सीटी स्कैन जैसी जांचें भी मुफ्त की गईं, जिससे पत्रकार समुदाय को समय पर अपने स्वास्थ्य का मूल्यांकन करने का अवसर मिला।

इस मौके पर डब्ल्यूजेआई के राष्ट्रीय महासचिव नरेंद्र भंडारी, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष संदीप शर्मा, महासचिव देवेंद्र तौमर, दिल्ली प्रभारी नरेंद्र धवन, कार्यक्रम संयोजक देवेंद्र पवार, राष्ट्रीय सलाहकार सुरेंद्र वर्मा समेत कई पदाधिकारी और वरिष्ठ पत्रकार मौजूद रहे।

गुरु हरकिशन पॉलिक्लिनिक, गुरुद्वारा बंगला साहिब के चेयरमैन भूपिंदर सिंह भुल्लर ने कहा कि पत्रकार समाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उनका स्वस्थ रहना राष्ट्र के लिए जरूरी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि डीएसजीएमसी पत्रकारों के सम्मान और कल्याण के लिए हमेशा तैयार रहेगा।

वर्किंग जॉर्नलिस्ट ऑफ इंडिया ने डीएसजीएमसी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविर नियमित रूप से लगाए जाएंगे, ताकि पत्रकार और उनके परिवार स्वस्थ रह सकें।

डीएसजीएमसी के प्रधान हरमीत सिंह कालका और महासचिव जगदीप सिंह काहलों इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके क्योंकि वे पंजाब में बाढ़ पीड़ितों के राहत कार्यों में व्यस्त थे।