Faridabad/Alive News : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष समारोह के अंतर्गत सर्व हिन्दू समाज द्वारा देशभर में हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान 8 से 22 फरवरी तक चलेगा। इसी क्रम में फरीदाबाद विभाग में इस अवधि के दौरान 200 से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें से 108 आयोजन फरीदाबाद जिले में प्रस्तावित हैं।
रविवार को ग्रामीण अंचल एवं नगर क्षेत्रों में सुबह से देर शाम तक विभिन्न स्थानों पर हिन्दू सम्मेलन आयोजित किए गए। इनमें मोहना और सेक्टर-3 में हुए सम्मेलन प्रमुख रहे। इन आयोजनों में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ प्रबुद्ध वक्ताओं ने राष्ट्रवादी विचारों से उपस्थित जनसमूह को प्रेरित किया।
सेक्टर 3 में सर्व हिन्दू समाज द्वारा सनातन संस्कृति, सनातन धर्म एवं सामाजिक एकता के प्रतीक ‘हिन्दू सम्मेलन’ का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन में सह प्रांत कार्यवाह राकेश त्यागी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की 100 वर्ष की यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिन्दू सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य धर्म, संस्कृति और संस्कारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा समाज में एकता स्थापित करना है। उन्होंने कहा, “जो धर्म की रक्षा करता है, धर्म उसकी रक्षा करता है।”कार्यक्रम में वंदना शर्मा ने कुटुंब प्रबोधन, डॉ. गुलशन कुमार शर्मा ने सामाजिक समरसता तथा डॉ. प्रेम चंद वशिष्ठ ने स्वदेशी जीवनशैली पर अपने विचार रखे।
वहीं मोहना खंड में मोहना मंडल द्वारा कालका माता मंदिर, मोहना-हीरापुर के पास हिंदू महासम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ हवन के साथ हुआ, इसके पश्चात दीप प्रज्वलन और भक्ति संगीत प्रस्तुत किया गया। सम्मेलन में पतंजलि किसान समिति के प्रांत प्रभारी राजेश भाटी, महीना मार्केट कमेटी अध्यक्ष सतीश, जिला बौद्धिक प्रमुख संजय तिवारी, प्रांत बौद्धिक प्रमुख ऋषि पाल सहित अन्य वक्ताओं ने सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण और समाज को जागृत रखने पर बल दिया।
वक्ताओं ने समाज को विभाजित करने वाले षड्यंत्रों से सजग रहने और एकजुट होकर पर्यावरण संरक्षण व राष्ट्र निर्माण की दिशा में कार्य करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन कालका माता मंदिर परिसर में भंडारे के साथ किया गया।

